_20251110_18639.webp)
डिजिटल डेस्क। भोजपुरी सिनेमा और राजनीति का रिश्ता नया नहीं है। इस इंडस्ट्री से कई दिग्गज सितारों ने सियासत की राह पकड़ी है - रवि किशन, मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और पवन सिंह जैसे सुपरस्टार्स ने चुनावी मैदान में किस्मत आजमाई। अब इस लिस्ट में नया नाम जुड़ गया है - खेसारीलाल यादव (Khesari Lal Yadav) का। अगर खेसारीलाल यादव इस बार बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election 2025) में जीत दर्ज कर लेते हैं, तो वे इन सभी दिग्गजों से आगे निकल जाएंगे। क्योंकि इन चारों में से किसी ने भी अपने पहले चुनाव में जीत हासिल नहीं की है।

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह ने लोकसभा चुनाव 2024 में राजनीति में कदम रखा। पहले उन्होंने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बीजेपी का टिकट ठुकराया, फिर बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे। चुनाव के दौरान वे लगातार चर्चा में रहे, लेकिन नतीजे उनके पक्ष में नहीं आए। उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा और इस तरह पवन सिंह का राजनीतिक डेब्यू असफल साबित हुआ।
अब यदि खेसारीलाल यादव विधानसभा चुनाव जीतते हैं, तो वे इस मामले में पवन सिंह से आगे निकल जाएंगे और भोजपुरी इंडस्ट्री के पहले ऐसे स्टार होंगे जिन्होंने अपने पहले ही चुनाव में जीत दर्ज की होगी।

भोजपुरी सिनेमा के सबसे वरिष्ठ चेहरों में शामिल रवि किशन ने सबसे पहले 2014 में कांग्रेस टिकट पर जौनपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उस समय वे महज 42,000 वोट ही जुटा पाए और तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि, 2019 में भाजपा के टिकट पर गोरखपुर सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। आज वे बीजेपी के सक्रिय सांसद हैं, लेकिन उनका पहला चुनाव असफल रहा था।

भोजपुरी गानों से मशहूर मनोज तिवारी ने अपना पहला चुनाव 2009 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर सीट से लड़ा था। उस समय उन्होंने बीजेपी के योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मोर्चा खोला, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बाद में उन्होंने भाजपा जॉइन की और 2014 में दिल्ली की उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट से शानदार जीत हासिल की। आज वे बीजेपी के प्रमुख चेहरों में से एक हैं, लेकिन उनका पहला चुनाव भी हार में खत्म हुआ था।

भोजपुरी फिल्मों के सुपरहिट अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने 2019 में आजमगढ़ से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उस समय उनके सामने सपा के अखिलेश यादव थे। मुकाबला दिलचस्प रहा, लेकिन आखिरकार निरहुआ को हार मिली। बाद में 2022 के उपचुनाव में उन्होंने उसी सीट से वापसी करते हुए जीत दर्ज की, लेकिन पहला चुनाव उनके लिए भी हार का सबक बन गया था।

अब खेसारीलाल यादव ने सियासी एंट्री की है। वे इस बार राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं और अपने लोकप्रियता के बल पर माहौल बना रहे हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री में उन्हें “जनता के स्टार” के रूप में देखा जाता है। अगर वे अपने पहले ही चुनाव में जीत दर्ज कर लेते हैं, तो वे न केवल अपने प्रशंसकों के बीच बल्कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के राजनीतिक इतिहास में भी एक नया अध्याय लिख देंगे।
अब तक के रिकॉर्ड के अनुसार, रवि किशन, मनोज तिवारी, निरहुआ और पवन सिंह ने अपना पहला चुनाव हारा है। अगर खेसारीलाल यादव अपने पहले ही प्रयास में जीत हासिल करते हैं, तो वे इन चारों से आगे निकलकर भोजपुरी सिनेमा के पहले ‘विजयी डेब्यू स्टार’ बन जाएंगे। राजनीति और मनोरंजन की इस दिलचस्प जंग में अब सबकी निगाहें खेसारीलाल यादव की सीट पर टिकी हैं।
इसे भी पढ़ें... Bihar Election 2025: पीएम मोदी की रैली में क्यों नजर नहीं आए नीतीश कुमार? BJP ने बताई वजह