
नई दिल्ली। देश के लोकतंत्र के सबसे बड़े महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है। इस बार सात चरणों में मतदान होने जा रहा है। 11 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग देशभर में जारी है। देश की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान किया जा रहा है। वोटर्स इन सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम का बटन दबाकर कर रहे हैं। पहले चरण के लिए अब तक हुए मतदान की जानें कुछ बड़ी बातें।
- लोकसभा के पहले चरण में मतदान को लेकर हर उम्र के मतदाताओं में उत्साह नजर आया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारे नज़र आईं।
- मतदान की शुरूआत के साथ ही कई जगहों से ईवीएम खराब होने की खबरें सामने आईं। सहारनपुर, ग्रेटर नोयडा में ईवीएम खराब होने की वजह से देर से मतदान शुरू हो सका। वहीं बीजापुर में मतदान केंद्र में ईवीएम में तकनीकी खराबी की वजह से भी मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।
- पहले चरण के मतदान में कई महत्वपूर्ण चेहरों की किस्मत दांव पर लगी है। नागपुर से नितिन गडकरी, गाजियाबाद से वी के सिंह, बागपत से जयंत चौधरी, अरुणाचल वेस्ट से किरेण रिजिजू, नोएडा से महेश शर्मा सहित कई अन्य बड़े उम्मीदवारों की सीटों पर पहले चरण में मतदान हो रहा है।
- बागपत के पोलिंग बूथ पर मतदाताओं के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, यहां बूथ पर वोट डालने आने वाले हर मतदाता का स्वागत बैंड बाजे से किया जा रहा है।
- मुजफ्फरपुर में बीजेपी के उम्मीदवार संजीव बालयान ने कुछ मतदान केंद्रों पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया है। साथ ही चुनाव आयोग से बुर्का पहनकर वोट डालने आ रही महिलाओं की पहचान की जाने की मांग की है।
- जम्मू क्षेत्र की लोकसभा सीटों पर भी शुरुआती दौर में अच्छा मतदान हो रहा है। मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी लंबी कतारें हैं तो वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैंं।