
बागपत (यूपी)। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में जिन 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें यूपी की 8 सीटें भी शामिल हैं। इस बीच, बागपत के बरौत मतदान केंद्र पर रोचक नजारा देखने को मिला। यहां मतदाताओं का बैंड बाजों और फूलों से स्वागत किया गया। (नीचे देखिए वीडियो) इस बीच, विभिन्न राज्यों से आ रही तस्वीरों और वीडियो में नजर आ रहा है कि सुबह से बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए केद्रों पर पहुंच रहे हैं। साथ ही बड़े नेता और चर्चित हस्तियां भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं और लोगों से अपील कर रही हैं कि वे भी लोकतंत्र के इस महायज्ञ में आहूति दें।
बागपत में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने मौजूदा सांसद सत्यपाल सिंह को फिर टिकट दिया है, वहीं जाटों के इस गढ़ पर आरएलडी ने अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी को मैदान में उतारा है। शिवपाल सिंह यादव की पार्टी ने चौधरी मोहम्मद मोहकम को प्रत्याशी बनाया है।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। पहले चरण में बागपत, बिजनौर, गौत्तमबुद्ध नगर, ग़ाज़ियाबाद, कैराना, मेरठ, मुजफ़्फ़रनगर, सहारनपुर पर वोटिंग हो रही है।