
Burhanpur Assembly Seat: नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद रहे स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान ने सोमवार देर रात एक देवी पंडाल से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। जिसके बाद बुरहानपुर विधानसभा सीट में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
मप्र भाजपा के पूर्व अध्यक्ष स्व नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे#MPElection_2023 #Burhanpur #Naidunia pic.twitter.com/NWsr9CuZgw
— NaiDunia (@Nai_Dunia) October 24, 2023
बयान का वीडियो वायरल
हर्षवर्धन के बयान का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने कहा है कि अब भाजपा का कोई नेता जन भावनाओं को दबा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि जब सवाल जन भावनाओं का हो तो निर्दलीय चुनाव लड़ना गलत नहीं होता।
अटकलों पर लगाया विराम
उन्होंने यह कहते हुए बाद में नामांकन वापस लेने संबंधी अटकलों पर भी विराम लगा दिया है कि मेरा मकसद सिर्फ हंगामा खड़ा करना नहीं है, अब यह सूरत बदलनी चाहिए। हर्षवर्धन ने एक बार फिर भाजपा नेताओं पर निमाड़ की जनता से धोखा करने का आरोप लगाया है।
यह बात भी कही
उन्होंने कहा है कि स्व. नंदकुमार सिंह चौहान और क्षेत्र की जनता के लिए अब उनका चुनावी रण में उतरना जरूरी हो गया है। ज्ञात हो कि बुरहानपुर विस सीट से भाजपा ने पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस को प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद से टिकट के दावेदार रहे भाजपा के कई बड़े नेता हर्षवर्धन सिंह चौहान के साथ जा खड़े हुए हैं।
नाराज कांग्रेसी भी बिगाड़ेंगे समीकरण
वर्तमान में बुरहानपुर सीट से नजर आ रहा त्रिकोणीय मुकाबला अगले दो से तीन दिन बाद चतुष्कोणीय भी हो सकता है। इसका कारण टिकट वितरण से नाराज कांग्रेस नेताओं के बीच पक रही चुनावी खिचड़ी है। दरअसल कांग्रेस के करीब आधा दर्जन बड़े नेता यहां से किसी अल्पसंख्यक को प्रत्याशी बनाने की मांग कर रहे हैं। पार्टी द्वारा निर्णय नहीं बदलने पर वे अल्पसंख्यक समाज से निर्दलीय प्रत्याशी खड़ा कर सकते हैं। यह प्रत्याशी यदि असरदार हुआ तो चुनाव और रोचक हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि बुरहानपुर विधानसभा में एक लाख से ज्यादा मुस्लिम मतदाता हैं।