बुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश के कई जिलों की तुलना में बुरहानपुर का मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक है। पिछली बार 75 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ था। बावजूद इसके जिला प्रशासन ने इसे अस्सी प्रतिशत से ज्यादा करने के लिए इस बार हर बूथ में "बैग' यानी बूथ अवेयरनेस ग्रुप तैनात किया है।
इस तरह के कुल 652 ग्रुप बनाए गए हैं, जो हर बूथ से जुड़े मतदाताओं को मतदान वाले दिन बूथ तक लाने में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक ग्रुप में एक शिक्षक, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पटवारी आदि को मिला कर न्यूनतम पांच कर्मचारी रखे गए हैं।
प्रशासन की नजर खासतौर पर उन मतदान केंद्रों पर है, जहां बीते विधानसभा और लोकसभा चुनाव में साठ य उससे कम प्रतिशत मतदान हुआ था। ऐसे बूथों में कलेक्टर भव्या मित्तल ने बैग के अलावा अफसरों को भी लगाया है। वे रोजाना मतदाताओं से भेंट कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जिला प्रशासन का यह नवाचार इस चुनाव में प्रशासन की मंशा के अनुरूप परिणाम दिला सकता है।
बीते विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बीस ऐसे मतदान केंद्र थे, जहां 35 से लेकर 60 प्रतिशत ही मतदान हो पाया था। इनमें सर्वाधिक 15 केंद्र नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के थे। ये सभी केंद्र शिक्षित नागरिकों वाले केंद्र थे। निर्वाचन कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार सबसे कम 35.65 प्रतिशत मतदान केंद्रीय विद्यालय नेपानगर के कक्ष क्रमांक 14 के मतदान केंद्र में हुआ था।
इसी तरह नेपा मिल श्रमिक संघ कार्यालय में 51.02, मराठी प्राथमिक शाला ई-टाइप में 51.05, विद्युत मंडल कार्यालय 51.37 प्रतिशत मतदान ही हो पाया था। इसी तरह बुरहानपुर विधानसभा के न्यू इंदिरा कालोनी स्थित पब्लिक स्कूल में 55.10 प्रतिशत, आशा निकेतन के दो केंद्रों में 56 व 59 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मेडिकल एसोसिएशन के संजय नगर कार्यालय वाले केंद्र में भी 59.54 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव में भी इन केंद्रों में मतदान का औसत कमोबेश इतना ही था।
जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता के लिए त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों का भी उपयोग कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर सोमवार रात सीके ग्रीन कालोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में मतदान गरबे का आयोजन किया गया। जिसमें सरकारी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और कालोनी के नागरिक शामिल हुए।
गरबे के साथ उन्हें मतदान करने का संकल्प दिलाया गया। प्रशासन दुर्गा पंडालों में भी मतदान जागरूकता अभियान चला रहा है। कई जगह सेल्फी पाइंट भी बनाए गए हैं।
इसके अलावा बालाजी के मेले में मतदान से जुड़े बैनर, पोस्टर आदि लगाने की तैयारी की गई है। इसके अलावा गांवों के हाट बाजारों मे भी जागरूकता रैली निकाली जा रही है।