भरत शर्मा, छतरपुर। मध्य प्रदेश में कहने को तो भाजपा और कांग्रेस का प्रभाव रहा है। लेकिन बसपा और सपा ऐसी पार्टी हैं जिनकी नजर नाराज चेहरों पर टिकी होती है। जब कोई भाजपा या कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के कारण खफा होता है तब उसे बसपा का हाथी और सपा की साइकिल सवारी कराती है। ऐसा पिछले चुनावों में होता रहा है। जो चेहरे नाराज हुए तो पार्टी ने उन पर ही दांव लगा दिया और टिकट देकर चुनावी मैदान में खड़ा कर दिया।
मध्य प्रदेश की कुछ सीटों पर बसपा और सपा के उम्मीदवार भले ही भाजपा कांग्रेस के उम्मीदवारों के समीकरण बिगाड़ते रहे हो लेकिन बुंदेलखंड में यह पार्टी अपने पैतरों में सफल भी होती रही हैं। पिछली बार जब कांग्रेस से नाराज हुए राजेश शुक्ला को टिकट नहीं मिला था तब उनको सपा ने अपनी साइकिल पर बिठा दिया और साइकिल ने बिजावर में रफ्तार पकड़ी और जीती। बाद में राजेश शुक्ला भाजपा में शामिल हो गए थे।
इसी तरह शिवपुरी की पोहरी विधानसभा सीट से हाथी पर कैलाश कुशवाह को सवार होकर आ गए थे। जिन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही उम्मीदारों के चुनावी समीकरण बिगाड़े और दूसरे नंबर पर आए। अब इस विधानसभा के चुनाव में भी सपा और बसपा की नजर नाराज चेहरों पर हैं। जो भाजपा और कांग्रेस से खफा हुआ है उन्होंने बसपा या सपा का दामन थाम लिया है।
राजनगर विधानसभा में अपनी तैयारी और टिकट मांगने में जुटे भाजपा के घासीराम पटैल पार्टी की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और उनको टिकट नहीं दिया गया। उनकी जगह अरविंद पटैरिया को टिकट दी गई है। अरविंद पटैरिया पिछला चुनाव हार गए थे पार्टी ने फिर उनको मैदान में उतारा है। इधर खफा होकर घासीराम पटेल ने भाजपा छोड़ बसपा का दामन थाम लिया और वह बसपा से टिकट लेकर चुनावी मैदान में उतर आए हैं।
छतरपुर में भी डीलमणि उर्फ बब्बूराजा के साथ हुआ। वह छतरपुर से टिकट मांग रहे थे। लेकिन उनको टिकट नहीं दिया गया और छतरपुर से आलोक चतुर्वेदी को चुनावी मैदान में उतारा गया है। टिकट कटने से नाराज हुए बब्बू राजा हाथी पर सवार होकर आ गए हैं। अब दोनों की बसपा के उम्मीदवारों ने सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच पेंच फंसा दिया है।
कांग्रेस ने सभी छह विधानसभाओं में उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने चार विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार हैं। अभी बिजावर और चंदला में पेंच फंसा हुआ है। इधर बिजावर से कांग्रेस ने चरण सिंह यादव के रूप में नया चेहरा उतारा है। बिजावर से सपा ने मनोज यादव को टिकट दे दिया है। यानी दो यादव उम्मीदवार चुनावी मैदान में आ गए हैं। अब लोगों को भाजपा के उम्मीदवार का इंतजार है। हालांकि बसपा ने महाराजपुर और और बिजावर में भी अपने उम्मीदवार तय कर दिए हैं। अब सपा की नजर नाराज चेहरों पर गढ़ी हुई है।