MP Election 2023: विदिशा जिले की सिरोंज और कुरवाई सीटों पर कांग्रेस ने नए चेहरों पर लगाया दांव
सिरोंज में जिला पंचायत सदस्य पार्वती रघुवंशी के पति गगनेंद्र भाजपा प्रत्याशी व मौजूदा विधायक उमाकांत शर्मा को देंगे टक्कर। कुरवाई सीट पर कांग्रेस ने जिला पंचायत सदस्य रानी अहिरवार को मैदान में उतारा।
By Bharat Mandhanya
Edited By: Bharat Mandhanya
Publish Date: Fri, 20 Oct 2023 11:20:13 AM (IST)
Updated Date: Fri, 20 Oct 2023 11:20:13 AM (IST)
HighLights
- गगनेंद्र रघुवंशी की पत्नी पार्वती ने जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को करीब 11 हजार मतों से हराया था।
- कुरवाई से कांग्रेस प्रत्याशी रानी अहिरवार ने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भारी मतों से जीता था।
- कुरवाई सीट पर भाजपा ने अभी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
विदिशा (नवदुनिया प्रतिनिधि)। कांग्रेस ने आगामी मप्र
विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार देर रात जारी सूची में विदिशा जिले की बची दो सीट कुरवाई और सिरोंज में भी प्रत्याशी घोषित कर दिए। कुरवाई से जहां जिला पंचायत सदस्य रानी अहिरवार को टिकट दिया है, वहीं सिरोंज से जिला पंचायत सदस्य पार्वती रघुवंशी के पति गगनेंद्र रघुवंशी को प्रत्याशी बनाया है। ये दोनों ही नए चेहरे है।
मौजूदा विधायक उमाकांत शर्मा को टक्कर देंगे गगनेंद्र
कांग्रेस ने अब जिले की पांचों सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए है, वहीं भाजपा ने अब तक सिरोंज में ही प्रत्याशी घोषित किया है। यहां गगनेंद्र का मुकाबला भाजपा के उ
माकांत शर्मा से होगा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के करीबी गगनेंद्र शुरू से ही कांग्रेस के प्रमुख दावेदारों में थे। पिछले जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में उनकी पत्नी पार्वती ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को करीब 11 हजार मतों से हराया था। इसी के चलते उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी।
अहिरवार समाज संघ की प्रदेशाध्यक्ष और महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री हैं रानी
इधर, कुरवाई में घोषित प्रत्याशी रानी अहिरवार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की करीबी बताई जाती है। अजा वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर कांग्रेस की ओर से रानी और प्रदीप अहिरवार दो प्रमुख दावेदार थे। रानी ने भी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भारी मतों से जीता था। वह अहिरवार समाज संघ की प्रदेश अध्यक्ष और महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री है। कुरवाई सीट से अभी भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। यहां से वर्तमान में भाजपा के हरिसिंह सप्रे विधायक है।