गुना। जिले की चांचौड़ा सीट पर कांग्रेस या कहें कि दिग्विजय सिंह का वर्चस्व रहा है। इस सीट पर दिग्विजय सिंह के परिवार का सदस्य या उनका समर्थक प्रत्याशी ही चुनाव जीतता रहा है। चांचौड़ा में त्रिकोणीय मुकाबला था, जिसमें भाजपा से प्रियंका मीना, कांग्रेस से लक्ष्मण सिंह और भाजपा की बागी ममता मीना आप से चुनाव मैदान में थीं। इससे लग रहा था कि कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है, लेकिन परिणाम आए, तो कांग्रेस और आप जैसे मुकाबले में ही नहीं थी। यहां से प्रियंका मीना ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई, तो कुछ चरण छोड़ दें तो सभी में जीत दर्ज कराती चली गईं। इस विधानसभा चुनाव में भाजपा की 'लाड़ली' लहर में कांग्रेस का यह किला भी दरक गया।
चाचौड़ा सीट पर 21 चरण की मतगणना के बाद भाजपा की प्रियंका मीणा ने 61570 मतों से शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 110654 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के लक्ष्मण सिंह इससे आधे मत भी प्राप्त नहीं कर पाए और 48684 मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। उधर, भाजपा से बगावत कर 'आप' प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरीं ममता मीणा ने चुनौती पेश करने की कोशिश जरूर की, लेकिन उन्हें महज 27405 मतों से संतोष करना पड़ा। ममता मीणा 2013 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर इसी सीट से चुनाव जीत कर विधानसभा में पहुंची थीं। हालांकि 2018 में हुए चुनाव में लक्ष्मण सिंह ने उन्हें 9,797 मतों के अंतर से शिकस्त देते हुए एक बार फिर कांग्रेस का परचम फहरा दिया था।
2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कुल 12 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से बाकी 09 की जमानत जब्त हो गई। इस बार विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को हुए मतदान के दौरान इस सीट पर 81.23 फीसदी वोट पड़े थे।