
नईदुनिया वेब डेस्क। हिंदी सिनेमा के पर्दे पर दिवाली के पर्व का उजास अनछुआ नहीं रहा है। कुछ फिल्मों के गीतों व दृश्यों में दिवाली एक अहम विषय की तरह शामिल रहा है। कथानक के महत्वपूर्ण दृश्य कहीं दिवाली की पृष्ठभूमि पर फिल्माए गए तो कहीं गीतों में दिवाली का उजास, खुशियां और भव्यता स्पष्ट रूप से नजर आई।
हिंदी फिल्मों के ब्लैक एंड व्हाइट के क्लासिक दौर से लेकर रंगीन फिल्मों तक और आधुनिक तकनीकी दौर तक, हर समय में दिवाली एक केंद्रीय भाव की तरह कायम रही है। बदलते समाज में दिवाली मनाने का तरीका बेशक बदला, मसलन, पुराने जमाने में अधिक से अधिक रोशनी करने पर जोर था जो कि शांतिप्रिय तरीका था।
यह भी पढ़ें: देश के अन्य धर्मों में कुछ इस तरह मनती है दिवाली
उसके बाद बदलाव आया तो दिवाली में आतिशबाजी का धूमधड़ाका कुछ ज्यादा ही शामिल हो गया। फिल्मों में यह सब देखने को मिलता है। आइए हम देखते हैं ऐसे ही कुछ हिंदी सिनेमा के गीत जिनकी थीम ही दिवाली है।
1. मेले हैं चरागों के रंगीन दीवाली है
1961 में आई फिल्म 'नजराना' के इस दीवाली गीत को लता मंगेशकर ने गाया है। यह ब्लैक एंड व्हाइट दौर की खुशनुमा दीवाली का गीत है। इस गीत का फिल्मांकन राजकपूर और वैजयंती माला पर किया गया है। इसकी खासियत है कि शुरू से अंत तक इसमें दीवाली की आतिशबाजी और भरपूर रोशनी नजर आती है। यह गीत आज भी देखने पर जीवंत नजर आता है।
2. दीपावली मनाई सुहानी
1977 की फिल्म 'शिर्डी के सांई बाबा' का यह गीत दीवाली गीतों में सर्वाधिक लोकप्रिय माना जाता है। आशा भोंसले के स्वर से सजे इस गीत को पर्दे पर एक किशोरी पर फिल्माया गया है। सुधीर दलवी ने सांई बाबा का किरदार निभाया। गीत में वे दीवाली का दीया जलाते नजर आते हैं।
3. कभी खुशी कभी ग़म
करण जौहर की वर्ष 2001 की मल्टी स्टारर सुपरहिट फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का टाइटल सांग असल में एक दीवाली सांग है। इसमें जया बच्चन दीवाली की पूजा करते हुए इस गीत को गाती है। वे अमिताभ बच्चन की पूजा करती हैं। गीत में रानी मुखर्जी व शाहरूख खान भी नजर आते हैं। पारंपरिक वेशभूषा और तेज दमकती रोशनी से इस गीत की पृष्ठभूमि में दीवाली का भरपूर उजास नजर आता है।
4. आई दीवाली आई, कैसी खुशहाली लाई
फिल्म 'खजांची' के इस अनोखे गीत में दीवाली नए अंदाज में देखने को मिलती है। नया अंदाज इसलिए क्योंकि इसमें दीवाली पर छोड़े जाने वाली प्रमुख आतिशबाजी अनार की रोशनी के इर्द-गिर्द गरबा नृत्य करती युवतियां हैं। एक ही त्योहार में दो पर्वों का समागम हमें इस गीत में देखने को मिलता है। इस गीत को लता मंगेशकर ने उत्सवी आवाज़ में गाया है।
5. हैप्पी दीवाली 2014
यह गीत वास्तव में किसी भी फिल्म का कोई मौलिक गीत नहीं है, ना ही इसमें मौलिक कलाकार हैं। यह विभिन्न फिल्मों से लिए गए दृश्यों को जोड़कर, बैकग्राउंड में संगीत लेकर बनाया गया एक गीत है जिसमें पहले से अभिनीत दृश्यों पर बोल फिट किए गए हैं। जिन फिल्मों के गीतों व दृश्यों को इसमें शामिल किया है, उनमें 'हम आपके हैं कौन', 'कभी खुशी कभी ग़म', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' आदि फिल्में शामिल हैं।
6. कैसे दीवाली मनाएं हम लाला
फिल्म 'पैग़ाम' का यह पुराना गीत मोहम्मद रफ़ी ने गाया है। वास्तव में यह एक कॉमेडी गीत है लेकिन इसमें दीवाली का भरपूर इस्तेमाल किया गया है। गीत के बोल ही गुदगुदाने वाले हैं, 'कैसे दीवाली मनाएं हम लाला, अपना तो बारह महीने दीवाला'। पर्दे पर इसे जॉनी वॉकर पर फिल्माया गया है, जिन्होंने अपनी मशहूर अदाओं के साथ इसे निभाया।
यह भी पढ़ें : दिवाली में इन जगहों पर लगाएं दीपक, नहीं होगी धन-धान्य की कमी