
एंटरटेनमेंट डेस्क, इंदौर। First Film on Ramayan: इस समय देश 22 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इस दिन अयोध्या में बने राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। ऐसे खास दिन के लिए हम आपको रामायण से जुड़े कुछ खास किस्से बताने जा रहे हैं। टेलीविजन और हिंदी सिनेमा में अब तक रामायण पर कई शोज और फिल्में बन चुकी हैं। लेकिन बता दें कि आज से 100 साल पहले भगवान श्रीराम पर पहली फिल्म 'लंका दहन' बनी थी। इस फिल्म की कहानी को दादा साहेब फाल्के ने लिखा था। उन्होंने ही इस फिल्म को डायरेक्ट किया था।
'लंका दहन' फिल्म आज भी काफी खास है। यह एक साइलेंट फिल्म थी। फिल्म में अन्ना सालुंके लीड रोल में थे। उन्होंने भगवान राम और माता सीता दोनों की भूमिका निभाई थी। इससे पहले हिंदी सिनेमा में ऐसा कभी नहीं देखने को मिला, जब किसी हीरो ने मेल और फीमेल दोनों का रोल प्ले किया हो। दरअसल, अन्ना सालुंके ही पहले ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने डबल रोल किया था। यह फिल्म उस जमाने की हिट फिल्मों में से एक थी। 'लंका दहन' फिल्म के लिए उस समय लोगों में जमकर क्रेज देखने को मिला था। इसके लिए सिनेमाघरों के बाहर लंबी लाइन लगती थी।
इतना ही नहीं, लोग फिल्म के लिए मरने मारने पर उतर जाते थे। इस फिल्म की कहानी लोगों को काफी पसंद आई थी। लोगों ने इस कहानी को सच मान लिया था। 'लंका दहन' को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते थे। कहा जा सकता है कि फिल्म उस समय सुपरहिट साबित हुई थी। रामायण पर बनी यह फिल्म ऐसी थी, जिसे देखने के लिए लोग जूते-चप्पल फिल्म थिएटर के बाहर उतार कर जाते थे। थिएटर के अंदर भी लोग हाथ जोड़कर फिल्म देखते थे। मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म ने उस समय 35 करोड़ का बिजनेस किया था। कहा जाता है कि लंका दहन फिल्म सिनेमाघरों में 23 हफ्तों तक लगी थी।