लगान के 'गुरन बाबा' राजेश विवेक की हार्ट अटैक से मौत
थियेटर से फिल्मों में आए अभिनेता राजेश विवेक उपाध्याय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे।
By
Edited By:
Publish Date: Fri, 15 Jan 2016 08:57:46 AM (IST)
Updated Date: Fri, 15 Jan 2016 07:38:55 PM (IST)

मुंबई। थियेटर से फिल्मों में आए अभिनेता राजेश विवेक उपाध्याय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे।
राजेश विवेक हैदराबाद में एक दक्षिण भारतीय फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे। शूटिंग के दौरान ही उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उनका इलाज यहीं के एक अस्पताल में चल रहा था। उनका निधन दोपहर तीन बजे करीब हुआ। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को मुंबई में होगा।
यह भी पढ़ें : किकू शारदा की गिरफ्तारी से मेकर्स को हुआ 80 लाख का नुकसान
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जन्मे राजेश विवेक ने बॉलीवुड में कई चर्चित फिल्मों में दो दशक से भी अधिक समय तक काम किया।
उनके फिल्मी सफर की शुरुआत फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने कराई। राजेश की पहली फिल्म जुनून (1978) में उन्हें श्याम बेनेगल ने ही काम दिया था। 'लगान' फिल्म में गुरन बाबा का और 'स्वदेस' फिल्म में डाकिये का किरदार निभा चुके राजेश विवेक ने कई नामचीन फिल्मों में यादगार रोल किए।
उन्होंने टीवी सीरियल महाभारत में वेदव्यास की भूमिका निभाई। शुरुआती फिल्मी कैरियर में उन्होंने बतौर विलेन कई फिल्में कीं जैसे वीराना, जोशीले। फिल्मों में कई छोटी-मोटी भूमिकाओं के बाद उन्होंने हास्य या सहयोगी कलाकार के रूप में कई सफल फिल्में कीं। इसमें मुझसे शादी करोगी, बंटी और बबली भी शामिल हैं।
राजेश ऐतिहासिक टीवी सीरियल भारत एक खोज में काम करने के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी सबसे यादगार भूमिका सीरियल अघोरी में देखने को मिली थी। वह कैटबरी 5 स्टार के प्रोमो में भी उन्होंने काम किया था।