Sye Raa Narasimha Reddy Box Office : मल्टीस्टारर फिल्म "सई रा नरसिम्हा रेड्डी" बुधवार को रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म की सात दिन की दौड़ पूरी हुई है। फिल्म ने जबरदस्त कमाई हासिल की है और एक भव्य आंकड़े को छू लिया है। इसने दुनियाभर से कुल 185 करोड़ रुपए की रकम इन सात दिनों में बटोरी है। सुरेंद्र रेड्डी की बनाई इस फिल्म को 2 अक्टूबर को रिलीज किया गया था। इसी दिन चिरंजीवी की फिल्म ने 80 करोड़ कमा लिए थे, यह 'बाहुबली 2' के बाद तेलुगु की दूसरी बड़ी ओपनर बन गई। अब यह अपने बजट को वसूलने के बेहद करीब है। इस फिल्म को करीब 200 करोड़ रुपए में बनाया गया है।
तेलुगु संस्करण कमाल कर रहा है। इसके तमिल, मलयालम और हिंदी संस्करणों को उतनी कमाई नहीं मिल पा रही है। इस कमाई में 100 करोड़ रुपए तो केवल तेलुगु वर्जन से मिले हैं। अमेरिका से इसे सात दिन में 2.5 मिलियन डॉलर हासिल हुए हैं।
बता दें कि इसे दो बड़ी फिल्मों War और JOKER को भी सामना करना पड़ रहा है। War ने सात दिन में करीब 210 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। Joker की कमाई अभी 30 करोड़ के करीब है। वैसे Sye Raa Narasimha Reddy को समीक्षाओं में खूब तारीफ हासिल हुई है।
2019 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में इसे शामिल किया गया था। इस पीरियड ड्रामा में अमिताभ बच्चन और चिरंजीवी खास रोल में हैं। किच्चा सुदीप, विजय सेतुपति, जगपथी बाबू, रवि किशन, नयनतारा, तमन्ना और निहारिका को भी इसमें देखा जा सकता है।
'सई रा नरसिम्हा रेड्डी' को चेन्नई में काफ़ी पसंद किया जा रहा है। इसे उयालवाड़ा नरसिम्हा रेड्डी की कहानी पर बनाया गया है। कहा जाता है कि उन्होंने भारत में अंग्रेजों के खिलाफ पहली लड़ाई शुरू की थी। कोनिडेला प्रोडक्शंस, राम चरण, फरहान अख्तर के एक्सेल एंटरटेनमेंट और एए फिल्म्स ने मिलकर इस पर पैसा लगाया है।
निर्देशक सुरेंदर रेड्डी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले हफ्ते में इस फिल्म की अच्छी कमाई होगी। तारीफ के दम पर यह लंबा चलेगी और आसानी से मुनाफा बनाएगी। हिंदी संस्करण की कमाई अभी 7 करोड़ के करीब है।