
एंटरटेनमेंट डेस्क, इंदौर। तमन्ना भाटिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह रोहित शेट्टी की बायोग्राफिकल एक्शन फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश मारिया की जिंदगी पर आधारित है।
खबरों की मानें तो तमन्ना इस प्रोजेक्ट में प्रीति मारिया का किरदार निभाएंगी। वह राकेश मारिया की पत्नी हैं। यह फिल्म तमन्ना और जॉन की जोड़ी को 'वेदा' के बाद फिर से पर्दे पर लाएगी।
मिड-डे के हवाले से एक सूत्र ने बताया कि तमन्ना का किरदार फिल्म को इमोशनल टच देगा। प्रीति ने राकेश मारिया के करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और खतरनाक क्षणों में उनका साथ दिया। यह किरदार उनकी निजी जिंदगी को उजागर करेगा। उनके पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन को भी दिखाएगा।
रोहित शेट्टी की यह फिल्म राकेश मारिया की किताब 'लेट मी से इट नाउ' पर आधारित है। यह फिल्म मारिया के एक बांद्रा के लड़के से मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बनने तक के सफर को दिखाएगी। फिल्म में 1993 के मुंबई बम धमाकों और 26/11 आतंकी हमलों जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों को संभालने की उनकी कहानी भी दिखाई जाएगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की शूटिंग मुंबई में शुरू हो चुकी है। 40 अलग-अलग लोकेशन्स पर फिल्माई जाएगी। निर्माता 2026 की शुरुआत में फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि कास्ट की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।
हाल ही में तमन्ना की तेलुगु सुपरनैचुरल थ्रिलर 'ओडेला 2' 17 अप्रैल 2025 को रिलीज हुई, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। वह अजय देवगन की 'रेड 2' के गाने 'नशा' में स्पेशल अपीयरेंस में दिखेंगी। इसके अलावा वह अजय और संजय दत्त के साथ 'रेंजर' में भी नजर आएंगी।