Hrithik Roshan के बारे में एक नई बात पता चली है। वो यह कि रितिक तो बचपन से ही अच्छा डांस किया करते थे। आज उनकी डांसिंग स्किल्स का हर कोई दीवाना है लेकिन 35 साल पहले भी वो बढ़िया ही नाचते थे। एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें उन्हें एक बच्ची के साथ नाचते देखा जा सकता है, माहौल से लग रहा है कि यह किसी शादी के दौरान फिल्माया गया था। उनके फैन्स के लिए एक वीडियो किसी ट्रीट से कम नहीं होगा। इसे देखकर लगता है कि रितिक को बचपन से ही डांस का जुनून है।
बता दें कि रितिक की मां पिंकी रोशन ने खुद इस वीडियो को शेयर किया है जिसमें 10 साल के रितिक एक शादी में डांस कर रहे हैं। 35 साल पहले शूट हुए इस वीडियो में रितिक रोशन को ब्लू शर्ट और व्हाइट पेंट में डांस करते हुए देखेंगे। व्हाइट ड्रेस पहने एक बच्ची के डांस के साथ वीडियो शुरू होता है और फिर कैमरा 10 साल के रितिक पर जाता है।
स्टेज पर और बच्चे भी नाचते हुए दिखते हैं। रितिक के डांस मूव्स देखकर लग रहा है कि यह तो बॉलीवुड का डांसिंग लीजेंड ही है। वे अमिताभ बच्चन की फिल्म 'लावारिस' के गाने 'अपनी तो जैसे-तैसे' पर डांस कर रहे हैं।
बता दें कि रितिक कुछ समय से बड़े परदे से दूर थे लेकिन उसके बाद दो सुपरहिट फिल्में दी। रितिक रोशन हाल ही में टाइगर श्रॉफ के साथ फिल्म 'वॉर' में नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ की कमाई की है। रितिक की इस साल 'सुपर 30' भी रिलीज हुई थी जिसमें उनकी परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हुई।
रितिक ने साल 2000 में फिल्म कहो ना प्यार है से डेब्यू किया था और उस फिल्म से ही उन्होंने खुद को एक डांसर बतौर स्थापित कर लिया था। लेकिन फिल्मों से उनका नाता बचपन से ही है। रितिक जब छह साल के थे तब साल 1980 में फिल्म आशा में नजर आए थे। उन्होंने एक गाने पर डांस किया था। रितिक के दादाजी प्रकाश ही उन्हें ऑनस्क्रीन लेकर आए थे। इसके बाद आप के दीवाने (1980), आसरास (1981) में दिखे। 12 साल की उम्र में उन्होंने गोविंदा की फिल्म भगवान दादा में किया था।