
बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन की फिल्म 'कहानी' सफल रही थी। इसके बाद निर्देशक सुजॉय घोष ने सीक्वल की घोषणा की थी। मगर बाद में विद्या के साथ हुई उनकी अनबन के बाद यह फिल्म टल गई थी। बाद में सब ठीक हुआ। सुजॉय एक बार फिर विद्या के साथ कहानी का सीक्वल लेकर दर्शकों के बीच पहुंचे हैं।
फिल्म के पोस्टर्स और टीजर सोशल मीडिया पर रिलीज होने के बाद से ही सुर्खियां बटोर रहे हैं। मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। हालांकि इस बार अंदाज कुछ अलग है। फिल्म में थ्रिलर के साथ ही रोमांस का तड़का भी दिख रहा है। यही नहीं इस बार सुजॉय की फिल्म में एक बोल्ड सीन भी नजर आया है।
विद्या ने बीते दिनों ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा था 'जब तक मुझे दोषी साबित नहीं किया जाता.. तब तक मैं मासूम हूं।' फिल्म को सुजॉय घोष ने ही निर्देशित किया है। फिल्म में विद्या दुर्गा रानी सिंह के अवतार में नजर आएंगी। उनके अलावा अर्जुन रामपाल भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
Photo : स्टेज पर डांस करते समय फट गई इस पॉप स्टार की ड्रेस
'कहानी' 2012 की एक हिट फिल्मों में से एक थी। इसके सीक्वल को इसी साल 25 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज करने की बातें कही जा रही थीं। हालांकि बाकी फिल्मों के साथ क्लैश करने के चलते फिल्म के प्रोड्यूसर जयंतीलाल गड़ा और महेश भट्ट ने फिल्म की रिलीज डेट आगे खिसकाने का फैसला किया है। अब इसे 2 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा।