
Raj Kapoor के नाती अरमान जैन की शादी हाल ही में हुई और इसकी काफी धूम रही। लगभग पूरा कपूर खानदान इसमें जमा हुआ। जिक्र जब कपूर खानदान का चला है तो एक पुराना किस्सा याद आता है। यह किस्सा भी शादी की थीम पर बने विज्ञापन से जुड़ा है और लगभग चार दशक पुराना है। किस्सा 'पान पराग' के उस विज्ञापन से जुड़ा है जिसकी पंच लाइन 'बारातियों का स्वागत पान पराग से कीजिए' थी। इस विज्ञापन को राज कपूर के भाई शम्मी कपूर ने किया था और साथ में थे अशोक कुमार। टीवी पर यह खूब पसंद किया गया था।
इस विज्ञापन से बॉलीवुड के शोमैन राज कपूर नाराज थे। वैसे इस विज्ञापन को दहेज कुप्रथा के विरुद्ध माना गया था। पहली और आखिरी बार किसी विज्ञापन में शम्मी कपूर और अशोक कुमार साथ नजर आए थे। शादी की थीम पर इसे बनाया गया था। इसकी शुरुआत में एक महिला, अशोक कुमार के पास आकर कहती है 'सुनिए लड़की के मां-बाप आए हैं'। फिर शम्मी कहते हैं 'बारात ठीक आठ बजे पहुंच जाएगी। पर हम आपसे एक बात कहना तो भूल ही गए। घबराइएगा नहीं... हम इतना चाहते हैं कि आप बारातियों का स्वागत पान पराग से कीजिए'।
इसके जवाब में अशोक कुमार कहते हैं 'ओह पान पराग... हमें क्या मालूम आप भी पान पराग के शौकीन हैं, ये लीजिए पान पराग।' ये कहते हुए अशोक कुमार जेब से पान पराग निकालकर शम्मी कपूर को देते हैं।
राज कपूर से डांट वाली बात खुश शम्मी कपूर ने एक इंटरव्यू पर कही थी जो अब यूट्यूब पर है। इसमें शम्मी बताते हैं 'पूरा कपूर खानदान हांगकांग से लौट रहा था। हांगकांग के एअरपोर्ट पर जैसे ही मैं एंटर हुआ लोग चिल्लाने लगे 'पान पराग'... 'पान पराग'। मेरे लिए ये बेहद सामान्य बात थी क्योंकि लोग ऐसा ही करते थे। लेकिन ये बात एक शख्स के लिए सामान्य नहीं थी, वो थे राज कपूर। जब हम आगे बढ़े तो राज कपूर मुझे कोने में ले गए और उन्होंने कहा 'तुम्हें अपने आप पर शर्म नहीं आती। लोग तुम्हें 'पान पराग' के एड से जानते हैं... कहां गई तुम्हारी 'जंगली', प्रोफेसर' जैसी फिल्में... क्या वो खत्म हो गईं।' देखा जाए तो वो सही कह रहे थे लेकिन मैं उन्हें नहीं बता पाया कि ये एड मैंने दादा मुनी के लिए किया था, जिनके साथ काम करने की मेरी तमन्ना बरसों से थी।'