मुंबई Allu Arjun film Pushpa । अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा का पहला जोश से भरपूर गाना जागो जागो बकरे उनके फैंस के लिए एक सरप्राइज है। आइकन स्टार अल्लू अर्जुन द्वारा अभिनीत भारत की बहुप्रतीक्षित मेगा पैन-इंडिया फिल्मों में से एक पुष्पा का यह गाना आज रिलीज किया गया।
हालांकि फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद उत्सुक हैं और उन्हें इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतज़ार है ऐसे में मेकर्स ने फिल्म का पहला जोश से भरपूर गाना रिलीज किया है जिसमें अल्लू अर्जुन द्वारा निभाए गए किरदार पुष्पा राज की कई दमदार झलकियां देखने को मिलीं। यह गाना 2021 का सबसे लोकप्रिय चार्टबस्टर होगा ऐसी उम्मीद की जा रही है।
इस गाने की खास बात यह है कि 5 प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा 5 भाषाओं में संगीतबद्ध किया गया है: विशाल ददलानी ने हिंदी में, शिवम ने तेलुगु में, बेनी दयाल ने तमिल में, विजय प्रकाश ने कन्नड़ में, राहुल नांबियार ने मलयालम में और इस गाने के हिंदी बोल रकीब आलम ने, तेलुगु - चंद्र बोस ने, तमिल - विवेका ने, कन्नड़ - वरदराज चिक्काबल्लापुरा ने, और मलयालम - सिजू थरूर जैसे प्रतिभाशाली लिरिसिस्ट द्वारा लिखा गया है।
मैथरी मूवी मेकर्स के निर्माता नवीन यरनेनी और वाई. रविशंकर संयुक्त रूप से कहते हैं, “ दर्शकों के समक्ष जागो जागो बकरे पेश कर हम बेहद खुश हैं। पुष्पा का म्यूजिक फिल्म का विस्तार है और जोश से भरपूर इस गाने को रिलीज कर हमें बेहद खुशी हो रही है। यह गाना अल्लू अर्जुन द्वारा निभाए गए पुष्पा राज के किरदार का संगीतमय परिचय है। हम उम्मीद करते हैं कि विविध भाषाओं में रिलीज किए गए इस गाने को लोगों का भरपूर प्रेम मिलेगा।"
यह फिल्म आंध्र की पहाड़ियों में लाल चंदन की तस्करी और इसके लिए चल रही सांठगांठ की कहानी को पेश करती है। इस फिल्म के साथ, दर्शक अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की जोड़ो को पहली बार स्क्रीन साझा करते हुए देखेंगे। पुष्पा को दो भागों में रिलीज किया जाएगा।