यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 27, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नेपाल में भूकंप से हुई तबाही से दुखी हैं अमिताभ
अमिताभ बच्चन ने नेपाल के दरबार चौक पर प्रसिद्ध गाने ‘प्यार में दिल पे’ की शूटिंग की थी। यह जगह भूकंप से तबाह हो गयी।
By Edited By:
Publish Date: Mon, 27 Apr 2015 10:03:26 AM (IST)Updated Date: Mon, 27 Apr 2015 10:12:58 AM (IST)
अमिताभ बच्चन में नेपाल में आए भूकंप के बाद हुई तबाही पर दुख प्रकट किया है। बिग बी ने लगभग तीस साल पहले नेपाल में अपनी फिल्म ‘महान’ के एक गाने की शूटिंग की थी।
अमिताभ ने भूकंप की वजह से वहां हजारों लोगों के मारे जाने और धरोहर स्थलों को पहुंची क्षति पर दुख जताया है। शनिवार को नेपाल में आए 7.9 तीव्रता के भूकंप में अब तक 2200 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
अमिताभ ने 1983 में अपनी सह-कलाकार जीनत अमान के साथ काठमांडू के दरबार चौक पर प्रसिद्ध गाने ‘प्यार में दिल पे’ की शूटिंग की थी। यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत स्थल घोषित की गयी यह जगह भूकंप से तबाह हो गयी।
अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा, 'इस तरह की आपदा को देखते हुए हम विस्थापित हुए या दुनिया से दूर चले गए लोगों के लिए शोक प्रकट करते हैं। उन इमारतों को पूरी तरह तबाह देखना सबसे भयानक दृश्य है।’ नेपाल की ऐतिहासिक धरहारा मीनार भी भूकंप के कारण गिर गयी।