Atharva Vishwakarma: छोटी सी उम्र में ही फिल्मों में अपनी पहचान बना लेना इतना आसान नहीं होता है, लेकिन बॉलीवुड में ऐसे कई सारे चाइल्ड एक्टर्स हैं, जिन्होंने काफी कम उम्र में ही एक अच्छा मुकाम हासिल कर लिया है। उन्हीं में से एक इंदौर के बेटे अथर्व विश्वकर्मा हैं। अथर्व ने 5 साल की उम्र से ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। वहीं अब हाल ही में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म की हिंदी रीमेक ‘छत्रपति’ में अथर्व नेगेटिव किरदार में नजर आ रहे हैं। साउथ के बेहतरीन एक्टर बेल्लमकोंडा श्रीनिवासन, बाॅलीवुड एक्ट्रेस भाग्यश्री और नुसरत भरूचा स्टारर इस फिल्म में अथर्व के रोल ने सभी का दिल जीत लिया है।
11 नवंबर 2009 को इंदौर मध्यप्रदेश में जन्में अथर्व विश्वकर्मा इस समय फिल्मी दुनिया में काफी नाम रोशन कर रहे हैं। बहुत छोटी उम्र में ही अथर्व ने अपना बॉलीवुड डेब्यू कर लिया था। 5 साल की उम्र में अथर्व ने एक मॉडल के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था और कई रैंप शोज किए।
इसके बाद साल 2014 में अथर्व ‘इंडिया क्यूटेस्ट किड्स’ कॉन्टेस्ट में फर्स्ट रनर अप बने थे। बेटे की काबिलियत को पहचानते हुए अथर्व के पिता ने उन्हें मुंबई में ऑडिशन दिलवाए। यही अथर्व की लाइफ का टर्निंग पॉइंट था, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अथर्व ने पहले ऑडिशन में ही अपना पहला प्रोजेक्ट हासिल कर लिया था।
अथर्व ने गुडनाइट, हॉर्लिक्स, बर्जर पेंट्स, कैनन प्रिंटर, टाटा कैपिटल, किंडर जॉय, एयरटेल, फ्लिपकार्ट, लाइव बॉय, ब्रिटानिया बिस्किट के कई प्रिंट शूट और टीवी एड किए। साल 2016 में एक शॉर्ट फिल्म ‘लाइफ आफ्टर’ से अथर्व ने अपना फिल्मी डेब्यू किया। इतना ही नहीं अथर्व ने सात साल की उम्र में ही अपने आप को मजबूत बनाने के लिए कराटे ट्रेनिंग भी ली।
नईदुनिया के साथ बातचीत में अथर्व के पिता अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि जब अथर्व को अपने पहले ऑडिशन में ही सिलेक्शन मिल गया था तो उन्हें भी अपने बेटे को लेकर कॉन्फिडेंस बढ़ने लगा, जिसके बाद उन्होंने अथर्व को आगे बढ़ाया। अथर्व के पिता ने अपनी जाॅब छोड़कर अपने बेटे को सपोर्ट किया, जिसके बाद उन्होंने अपना खुद का बिजनेस स्टार्ट किया। अशोक भी एक कास्टिंग डायरेक्टर हैं।
अथर्व टेलीविजन के साथ बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। साल 2019 में आई विद्युत जामवाल और अदा शर्मा स्टारर फिल्म ‘कमांडो 3’ में भी अथर्व, ‘अबीर’ के किरदार में नजर आए थे। साल 2018 में रिलीज हुई आर माधवन स्टारर सीरीज ‘ब्रीद’ में अथर्व लीड रोल ‘जोश’ के किरदार में दिखाई दिए। वहीं टेलीविजन की बात करें तो अथर्व कलर्स टीवी के शो ‘डिटेक्टिव देव’ में भी काम कर चुके हैं।
अभी अथर्व दूरदर्शन के लिए अपकमिंग शो का शूट कर रहे हैं। जिसमे वे भगवान श्री कृष्ण के किरदार में नजर आएंगे। ‘छत्रपति’ फिल्म की बात करें तो इस फिल्म में अथर्व भाग्यश्री के बेटे के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट में ‘नोटरी’ और ‘द डिवोर्स’ फिल्म शामिल हैं, जो कि जल्द ही रिलीज होने वाली है।
9th क्लास में पढ़ने वाले अथर्व ने नईदुनिया से बातचीत में अपना एक्सपीरियंस शेयर किया। उन्होंने कहा कि छत्रपति फिल्म का किरदार निभाना उनके लिए काफी अलग अनुभव था। इस फिल्म से उन्हें पहली बार नेगेटिव किरदार करने का मौका मिला, जो कि कम उम्र में काफी कम लोगों को मिल पाता है। इस फिल्म के लिए उन्हें गंजा होना पड़ा, लेकिन ये किरदार उनके लिए काफी मायने रखता है। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द डिवोर्स’ के बारे में बात करते हुए अथर्व ने कहा कि इस फिल्म में उन्हें एक डिफरेंट रोल निभाने का मौका मिला। जिसमें वे एक लड़की का किरदार निभाते नजर आएंगे।