
एंटरटेनमेंट डेस्क, इंदौर। Kishore Kumar Death Anniversary: हिंदी सिनेमा के शानदार एक्टर और सिंगर किशोर कुमार आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और गाने आज भी लोगों को याद है। 13 अक्टूबर को किशोर कुमार की डेथ एनिवर्सरी है। हम आपको किशोर कुमार की जिंदगी से जुड़े कुछ किस्से बताने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक किशोर कुमार ने अपने फिल्मी करियर में लगभग 1500 गाने गाए थे। वे 70 और 80 के दशक में सबसे महंगे सिंगर्स में से एक थे। बता दें कि किशोर कुमार ने कभी संगीत नहीं सीखा, लेकिन वे एक बेहतरीन सिंगर थे।

साल 1946 में किशोर कुमार ने फिल्म शिकारी से बॉलीवुड डेब्यू किया था। उन्हें म्यूजिक डायरेक्टर एस डी बर्मन ने पहला ब्रेक दिया था। साल 1975 में एक्टर की फिल्म बेगुनाह विवादों से घिरने के कारण रिलीज नहीं हो पाई। फिल्म पर यह आरोप लगाए गए कि यह फिल्म 1954 की 'नॉक ऑन वुड' की नकल है। इस फिल्म पर अमेरिकी फिल्म निर्माताओं ने मुकदमा दायर किया और वे जीत गए। जिसके कारण इस फिल्म की प्रतियों का नष्ट कर दिया गया और फिल्म रिलीज नहीं हो पाई।

साल 1975 में ही इमरजेंसी के दौरान सरकार ने किशोर कुमार को उनके लिए गाने को कहा था। सरकार चाहती थी कि एक्टर इमरजेंसी के 20 सूत्रीय प्रोग्राम के लिए गाएं। किशोर कुमार इसके लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने मना कर दिया। इस फैसले का खामियाजा एक्टर को भुगतना पड़ा। जिसके बाद ऑल इंडिया रेडियो पर किशोर कुमार के गानों को बैन कर दिया गया था। किशोर कुमार को अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना की आवाज के लिए काफी पसंद किया जाता था।

किशोर कुमार की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उन्होंने चार शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी रूमा ठाकुरता थीं। शादी के 8 साल बाद दोनों का तलाक हो गया था। 1960 में किशोर कुमार ने मधुबाला से शादी की, लेकिन गंभीर बीमार पड़ने के कारण मधुबाला का देहांत हो गया था। बाद में किशोर कुमार की जिंदगी में योगिता बाली आईं और दोनों ने शादी की। सिर्फ दो साल में ही दोनों के रिश्ते में दरार आ गई। वहीं, साल 1960 में किशोर कुमार ने अपने से 20 साल छोटी लीना से शादी की।
