Rakhi Sawant: टेलीविजन की ड्रामा क्वीन राखी सावंत अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। कुछ समय पहले ही राखी के पति आदिल खान ने जेल से बाहर आकर राखी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। साथ ही राखी पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। इसी बीच राखी अपना पहला उमराह करने मक्का-मदीना गई हैं। बता दें कि राखी सावंत ने इस्लाम धर्म कबूलने के बाद पहली बार उमराह किया। सोशल मीडिया पर राखी का ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे फैंस से घिरी हुई दिखाई दे रही हैं। मदीना में राखी सावंत बुर्का पहने नजर आईं।
वहीं, एक जगह फैन ने उन्हें राखी बुलाया तो वह उनसे कहती हैं कि उनका नाम फातिमा है। उन्हें फातिमा ही बुलाएं। राखी सावंत ने एक और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है, जिसमें वह अल्लाह के सामने इबादत करती दिखाई दे रही हैं। उनके फैंस को ये वीडियो काफी पसंद आ रहा है, लेकिन वे ट्रोलर्स के निशाने पर आ गई हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज।" वहीं, एक और ने लिखा, "ड्रामा बंद करो, अब नहीं देखा जा रहा।" एक अन्य ने लिखा, "ओवरएक्टिंग नहीं करनी, उमराह करना है।"
बता दें कि राखी सावंत ने आदिल खान दुर्रानी से निकाह के बाद इस्लाम कबूल किया था। उन्होंने मई 2022 में आदिल से गुपचुप निकाल किया था, जिसके बाद इसकी जानकारी जनवरी 2023 में एक्ट्रेस ने सभी के साथ शेयर की। निकाह के ऐलान के कुछ समय बाद ही राखी और आदिल का रिश्ता खराब हो गया। इतना ही नहीं राखी ने आदिल पर गंभीर आरोप भी लगाए। उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज की। आदिल पिछले 6 महीने से मैसूर जेल में बंद थे। अब वह जेल से बाहर आकर राखी सावंत पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने उनके ऊपर लगे सभी आरोपों को भी खारिज कर दिया है।