
एजेंसी, मुंबई (Salman Khan Galaxy Apartment)। अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक शख्स को मुंबई पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
खबर यह भी है कि शख्स के साथ एक महिला भी थी। पुलिस ने उसको भी हिरासत में लिया है। शख्स ने खुद को सलमान खान का फैन बताया है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि घटनाक्रम 20 मई का है। 23 वर्षीय व्यक्ति अवैध रूप से बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास - गैलेक्सी अपार्टमेंट - में घुस गया।
आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसने 20 मई को शाम करीब 7:15 बजे घर में प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र सिंह को सबसे पहले सुबह करीब 9:45 बजे बांद्रा में सलमान खान के घर के आसपास घूमते देखा गया था।
अभिनेता की सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी ने उसे जाने के लिए कहा। इससे नाराज होकर आरोपी ने अपना मोबाइल फोन जमीन पर फेंक दिया और तोड़ दिया। उसी दिन शाम को आरोपी उसी इमारत में रहने वाले एक व्यक्ति की कार में गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुस गया। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसे फिर से रोक लिया और इस बार उसे बांद्रा पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अभिनेता से मिलना चाहता था। उसने कहा, पुलिस मुझे उससे मिलने नहीं दे रही थी, इसलिए मैं छिपने की कोशिश कर रहा था।