
Dasvi Film Review: अभिषेक बच्चन, यामी गौतम और निमरत कौर की फिल्म दसवीं गुरुवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई। डायरेक्टर तुषार जलोटा की फिल्म कमजोर कहानी की वजह से दर्शकों को इम्प्रेस करने में कामयाब नहीं रही। फिल्म में राजनीति माहौल दिखाया है और अभिषेक ठेठ हरियाणवी बोलते नजर आए हैं। यूं तो अभिषेक ने अपने किरदार के साथ एक्सपेरिमेंट जरूर किया है, लेकिन वो भी फिल्म की नैया पार करने में सफल नहीं रहे। फिल्म में उन्होंने एक भ्रष्ट सीएम गंगाराम चौधरी का रोल प्ले किया है जो करप्शन के आरोप में जेल में बंद है। जेल में रहकर ही वो अपनी दसवीं की पढ़ाई पूरी करते हैं।
ऐसी है फिल्म की कहानी
फिल्म में अभिषेक बच्चन, सीएम गंगाराम चौधरी बने हैं, जिन्हें एक भर्ती घोटाले में नाम आने पर जेल जाना पड़ता है। उनके जेल जाने के बाद उनकी पत्नी बिमला देवी यानी निमरत कौर को पावर मिल जाती है। अचानक मिली पावर से बिमला देवी घबरा जाती है, लेकिन धीरे-धीरे नॉर्मल हो जाती है। सत्ता का नशा चढ़ते ही गंगाराम की पत्नी के रंग-ढंग बदल जाते हैं और वो नहीं चाहती कि उसका पति जेल से कभी बाहर आए। वहीं जेल के अंदर गंगाराम आईएएस ऑफिसर ज्योति देसवाल यानी यामी गौतम की बातें सुनकर इतने प्रभावित होते है कि वे उनकी चुनौती स्वीकार करते हैं और जेल से ही दसवीं पास करने की सोचते हैं। फिल्म में भर्ती घोटाला, जाति, राजनीति को लेकर भी बहुत कुछ दिखाने की कोशिश की गई है।
एक्टिंग में दिखा दम
अभिषेक जो कि एक अच्छे कलाकार हैं, लेकिन फिल्म की कमजोर कहानी के कारण उनकी एक्टिंग भी फिल्म को बचा नहीं पाई। निमरत कौर ने भी अच्छा काम किया है और यामी गौतम के हिस्से में भी दमदार रोल आया है। मनु ऋषि हमेशा की तरह अपने छोटे रोल में भी प्रभाव छोड़ जाते हैं। अरुण कुशवाह को आपने छोटे पर्दे पर काफी कॉमेडी-मिमिक्री करते देखा होगा, और अब बड़े पर्दे पर भी अपना असर छोड़ गए हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन ने ठेठ हरियाणवी बोलकर सभी को चौंका दिया। फिल्म के उनके लुक, स्टाइल को भी काफी पसंद किया गया। लेकिन कमजोर कहानी की वजह से सबकुछ फीका नजर आ रहा है। अभिषेक बच्चन के शानदार अभिनय के बावजूद फिल्म कमजोर कॉन्सेप्ट की वजह से फेल हो गई।