
मनोरंजन डेस्क। फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ) की शूटिंग के दौरान एक्टर्स को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इसमें स्विट्जरलैंड वाले पार्ट की शूटिंग किसी बड़े फिल्म सेट जैसी नहीं थी। शूटिंग के दौरान काजोल को साड़ी बदलने के लिए पेड़ के पीछे जाना पड़ता था। वहीं शाहरुख खान खुद शूटिंग का सामान उठाकर लोकेशन तक पहुंचाते थे। यह खुलासा फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर रहे करण जौहर ने एक पॉडकास्ट में किया था।
करण जौहर ने जय शेट्टी के पॉडकास्ट में DDLJ की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प किस्से सुनाए। उन्होंने बताया कि स्विट्जरलैंड में फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरी टीम में सिर्फ 21 लोग थे। सभी एक ही बस में सफर करते थे। शूटिंग के लिए अलग-अलग लोकेशन तलाशने का कोई बड़ा इंतजाम नहीं था।
करण के मुताबिक, डायरेक्टर आदित्य चोपड़ा बस में सफर करते हुए जब किसी खूबसूरत जगह को देखते, तो तुरंत बस रुकवाकर वहां शूटिंग शुरू कर देते थे। टीम के पास ज्यादा संसाधन नहीं थे। इसलिए हर व्यक्ति को कई तरह के काम करने पड़ते थे।
करण ने बताया कि शूटिंग के दौरान काजोल को साड़ी पहनने के लिए पेड़ के पीछे ले जाया जाता था। वहीं शाहरुख खान कहीं भी कपड़े बदल लेते थे और फिर शूटिंग के लिए तैयार हो जाते थे। पहाड़ों पर शूटिंग के लिए सभी कलाकार और क्रू मेंबर्स सामान उठाकर पैदल जाते थे। शाहरुख और काजोल भी इसमें मदद करते थे।
फिल्म की शूटिंग के दौरान काजोल के हेयर और मेकअप आर्टिस्ट को वीजा नहीं मिल पाया था। ऐसे में सेट पर उनके बाल संवारने की जिम्मेदारी करण जौहर ने संभाली थी। जबकि काजोल की मां तनुजा उनका मेकअप करती थीं। उस समय फिल्म के सेट पर आज की तरह कलाकारों के साथ बड़ी टीम नहीं होती थी। न वैनिटी वैन, न मैनेजर और न ही हर काम के लिए अलग-अलग लोग। असिस्टेंट डायरेक्टर को ही कॉस्ट्यूम से लेकर शूटिंग की व्यवस्था तक कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ती थीं।
करण खुद शाहरुख के कॉस्ट्यूम डिजाइन करने से लेकर फिल्म की कंटिन्यूटी संभालने और सेट पर भीड़ नियंत्रित करने तक के काम करते थे। उन्होंने कहा कि DDLJ में एक साल काम करना उनके जीवन का सबसे अच्छा सीखने का अनुभव था।
फिल्म के गाने ‘तुझे देखा तो’ की शूटिंग के दौरान काजोल को बर्फ के बीच नीली साड़ी पहननी थी। लेकिन सेट पर मौजूद किसी भी व्यक्ति को साड़ी ठीक से बांधना नहीं आता था।
करण जौहर ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को साड़ी पहनते हुए देखकर जो तरीका याद रखा था, उसी के सहारे काजोल को साड़ी पहनाई। हालांकि, उनके मुताबिक साड़ी ठीक से नहीं बंधी थी और उसका लुक कुछ-कुछ कफ्तान जैसा हो गया था।
1995 में रिलीज हुई DDLJ का डायरेक्शन आदित्य चोपड़ा ने किया था। यश चोपड़ा इसके प्रोड्यूसर थे। फिल्म में शाहरुख, काजोल, अमरीश पुरी, अनुपम खेर और फरीदा जलाल जैसे कलाकार नजर आए थे।
फिल्म के गाने, डायलॉग और राज-सिमरन की प्रेम कहानी ने इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया। करण जौहर के मुताबिक, उस दौर में फिल्म बनाने का अनुभव आज से काफी अलग था। कम संसाधनों के बावजूद पूरी टीम एक परिवार की तरह काम करती थी और यही उस फिल्म की मेकिंग का सबसे खूबसूरत हिस्सा था।