
एंटरटेनमेंट डेस्क। अभिनेता मोहित रैना ने शनिवार को उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचकर दर्शन लाभ लिया। उनके साथ उनकी पत्नी अदिति भी थीं। यहां दोनों ने भस्मआरती दर्शन किए। टीवी सीरियल ‘देवों के देव महादेव’ में भगवान शिव और फिल्म ‘उरी’ में अपने अभिनय से वे जाने जाते हैं।
मोहित और अदिति सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान श्री महाकालेश्वरकी भस्म आरती के दर्शन किए। दोनों ने हाथ जोड़कर बाबा महाकाल को नमन किया और शिव का जाप किया। आरती के बाद भगवान का आशीर्वाद लिया और जल अर्पित किया।

दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए मोहित रैना ने कहा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं। महाकाल बाबा के दर्शन का यह अनुभव मेरे लिए अद्भुत था। महाकाल के दर्शन बहुत अच्छे से हुए। भगवान महाकाल की कृपा सब पर बनी रहे।”
2022 में एक्टर मोहित रैना ने अदिति से शादी कर ली थी। मोहित को 'देवों के देव महादेव' में भगवान शिव का रोल निभाने और विक्की कौशल स्टारर 'उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक' में लीड रोल निभाने के लिए जाना जाता है। मोहित रैना की दुनिया भर में बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है।