
मनोरंजन डेस्क। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और निर्देशक मधुर भंडारकर सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। इंदौर से करीब तीन बजे उज्जैन पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में हिस्सा लिया। लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भस्म आरती के बाद मधुर भंडारकर ने नंदी महाराज का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया। परंपरा के अनुसार उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल को जल अर्पित किया। दर्शन पूर्ण होने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने उनका स्वागत और सम्मान किया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मधुर भंडारकर ने कहा कि वे हर वर्ष भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते हैं। इस बार वे इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और वहीं से सीधे महाकाल मंदिर आए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से उन्हें हमेशा आत्मिक शांति और विशेष खुशी का अनुभव होता है।
मधुर भंडारकर ने कहा कि मंदिर परिसर में युवा पीढ़ी को श्रद्धा के साथ 'बम-बम भोले' के जयकारे लगाते देखना बेहद सुखद अनुभव होता है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रेरणादायक स्वरूप बताया।
यह पहली बार नहीं है जब मधुर भंडारकर श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे हों। इससे पहले भी वे कई अवसरों पर बाबा महाकाल के दर्शन करने और भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।