
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर ज्यादा न्यूट्रिशन (High Nutritional Value) का दावा करने वाले सेलिब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को ऐसा करना भारी पड़ सकता है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ऐसे विज्ञापनों और भ्रामक करने वोले दावों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जांच शुरू कर दी है। ऐसे एडवर्टाइजमेंट करने वाले सेलेब्स को नोटिस जारी किया गया है।
FSSAI ने चेतावनी दी है कि बिना किसी प्रमाण या सत्यापन के भ्रामक दावे करने वाले उत्पादों का प्रचार करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वाले प्रोड्यूसर्स के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। यह एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर हेल्थ ड्रिंक्स, प्रोटीन सप्लीमेंट्स, पैक्ड फूड्स और स्नैक्स को बेचने के लिए कंपनियां मशहूर हस्तियों और कंटेंट क्रिएटर्स का सहारा ले रही हैं।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर FSSAI द्वारा निम्नलिखित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी:
'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' (Food Safety and Standards Act, 2006)
'खाद्य सुरक्षा और मानक (विज्ञापन और दावे) नियम, 2018' (Food Safety and Standards Regulations, 2018)
FSSAI ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई खाद्य उत्पाद, सेलिब्रिटी या इन्फ्लुएंसर्स भ्रामक या गलत दावा करते हुए दिखाई देते हैं, तो वे इसकी शिकायत FSSAI के आधिकारिक 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' (Food Safety Connect) प्लेटफॉर्म पर दर्ज करा सकते हैं।