एंटरटेनमेंट डेस्क। जादू, रोमांच और दोस्ती की दुनिया रचने वाली 'हैरी पॉटर' सीरीज (Harry Potter Series) अब एक नए अवतार में लौट रही है। वॉर्नर ब्रदर्स और एचबीओ मैक्स ने हैरी पॉटर टीवी सीरीज का फर्स्ट लुक शेयर किया है, जिसमें नए हैरी के रूप में डोमिनिक मैकलॉघलिन (Dominic McLaughlin) नजर आ रहे हैं। इसी के साथ मेकर्स ने आधिकारिक रूप से यह भी ऐलान कर दिया है कि शो की शूटिंग शुरू हो चुकी है।
जे.के. रोलिंग की बेस्टसेलर नॉवेल पर आधारित हैरी पॉटर फिल्म सीरीज़ को दुनियाभर में अपार सफलता मिली थी। साल 2001 में आई पहली फिल्म Harry Potter and the Philosopher’s Stone ने दर्शकों को जादू की दुनिया से जोड़ दिया था। इस फ्रेंचाइज के कुल 8 पार्ट्स आए और हर एक ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया।
डेनियल रेडक्लिफ, एमा वॉट्सन और रूपर्ट ग्रिंट जैसे कलाकारों ने हैरी, हरमाइन और रॉन के रूप में अमिट छाप छोड़ी। लेकिन जब HBO ने टीवी सीरीज की घोषणा की और नए कलाकारों के साथ कहानी दोबारा शुरू करने का फैसला किया, तो फैंस का रिएक्शन मिला-जुला रहा।
अब हैरी पॉटर के रूप में डोमिनिक मैकलॉघलिन की पहली झलक सामने आ गई है। उन्होंने गोल चश्मा पहना है, हाथ में वैंड है और हॉगवर्ट्स की यूनिफॉर्म में नजर आ रहे हैं। उनके साथ अरबेला स्टैंटन हरमाइन ग्रेंजर के रूप में नजर आएंगी।
HBO Max ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - 'पहला साल, पहला कदम। प्रोडक्शन शुरू हो चुका है।'
डोमिनिक की तस्वीर को देखकर कई फैंस खुश हैं तो कुछ थोड़े भावुक भी।
सीरीज की शूटिंग अभी शुरू हुई है, और संभावना है कि 2026 तक इसका पहला सीजन HBO Max पर रिलीज किया जाएगा। मेकर्स का दावा है कि ये शो किताबों के और भी ज्यादा करीब होगा और हर सीजन एक किताब पर आधारित होगा।