
मनोरंजन डेस्क। फिल्म जेलर 2 में साउथ एक्टर मोहनलाल भी नजर आए हैं। अब फिल्म में उनके बॉडी डबल जोबी कोडाकरा ने कहा कि कुछ ही शॉट्स में उनके हाथ और पैर का इस्तेमाल किया गया था। कहीं भी उनका चेहरा नहीं दिखाया गया।
दरअसल, कोडाकरा का यह बयान तब सामने आया जब 'जेलर 2' में मोहनलाल का मैथ्यू वाला किरदार चर्चा में है। मोहनलाल ने फिल्म की रिलीज के बाद मैथ्यू' वाले किरदार के लुक में अपनी तस्वीरें शेयर कीं। इसके अलावा, जिस दिन यह फिल्म आई, उसी दिन जोबी कोडकारा ने फिल्म में मोहनलाल के लुक वाली अपनी तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों को देखकर यह कयास लगाए जाने लगे कि कुछ सीन्स में 'बॉडी डबल' का इस्तेमाल किया गया है। लोगों का कहना था कि क्लाइमैक्स सीन में भी बॉडी डबल नजर आए हैं।

एक हालिया इंटरव्यू में जोबी कोडाकरा ने इसी विवाद के बारे में बात की। उन्होंने कहा- सच कहूं तो, फिल्म में मुझे दिखाने वाले सिर्फ एक या दो शॉट्स ही इस्तेमाल किए गए हैं। इसमें मेरे हाथ और पैर के कुछ हिस्से ही दिखते हैं। ये क्लाइमैक्स के दौरान एयरपोर्ट वाले सीन में आते हैं। एक शॉट में कोई गाड़ी चलाते हुए गियर बदल रहा है और दूसरे में कोई एक्सीलरेटर दबा रहा है। बस इतना ही।
वे दुनिया के बेहतरीन एक्टर्स में से हैं, इसलिए शायद शेड्यूलिंग या समय की कमी की वजह से मेरा इस्तेमाल किया गया होगा। फिल्म में मेरा चेहरा कहीं भी नहीं दिखाया गया है। क्लाइमैक्स में जिस चेहरे के इस्तेमाल होने का दावा लोग कर रहे हैं, वह मेरा नहीं है।
मुझे इस बात का पूरा यकीन है। अगर कोई 'बॉडी डबल' है, तो कोई भी डायरेक्टर उसके चेहरे का क्लोज-अप शॉट नहीं लेगा। वह मैं नहीं हूं। अगर आप मुझसे पूछें कि मुझसे क्या गलती हुई, तो वह यह थी कि मैंने फिल्म के सेट पर ली गई तस्वीरें पोस्ट कर दी थीं।
जेलर 2 को नेल्सन दिलीप कुमार ने डायरेक्ट किया है। वहीं, इसे सन पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। प्रोड्यूसर कलानिधि मारन है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने अब तक 541 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया है।
'जेलर 2', रजनीकांत की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। पहला पार्ट 'जेलर', 10 अगस्त 2023 को रिलीज हुआ था। इसमें मुथुवेल पांडियन की कहानी दिखाई गई थी, जो अपने परिवार पर खतरा मंडराने के कारण हिंसा की दुनिया में वापस लौटने को मजबूर हो जाता है। यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर बहुत सफल रही थी।