
मनोरंजन डेस्क। आज पंकज त्रिपाठी का नाम आते ही लोगों के जेहन में ‘कालीन भैया’ और ‘माधव मिश्रा’ जैसे किरदार उभर आते हैं। उनकी सादगी, संवाद बोलने का अंदाज और सहज एक्टिंग ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे पसंदीदा कलाकारों में शामिल कर दिया है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने से पहले उनकी जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया, जब उन्हें खुद नहीं पता था कि आखिर उन्हें करना क्या है। कभी वह छात्र नेता बनना चाहते थे, तो कभी होटल में काम करते हुए अपने भविष्य के बारे में सोचते थे। हाल ही में पंकज त्रिपाठी ने अपनी जिंदगी के इसी अनसुने हिस्से का खुलासा किया।
दरअसल, एक्टर पंकज त्रिपाठी हाल ही में विकास दिव्यकीर्ति और जाकिर खान के साथ नेटफ्लिक्स के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में पहुंचे थे। यहां करियर को लेकर उलझन में रहने वाले एक दर्शक के सवाल पर कपिल शर्मा ने उनसे पूछा कि क्या एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले वह भी कभी अपने करियर को लेकर असमंजस में रहे थे?
इस पर पंकज ने बताया कि वह भी कभी छात्र नेता बनना चाहते थे। लेकिन एक घटना ने उनका इरादा बदल दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पुलिस ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि उसी दिन समझ आ गया कि राजनीति में जाने के लिए पिटाई भी झेलनी पड़ सकती है। इसके बाद उन्होंने होटल में करीब दो साल तक काम किया।
पंकज त्रिपाठी ने बताया कि होटल में काम करते हुए वह प्याज और आलू छीलते थे। करीब दो साल तक यह काम करने के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनकी मंजिल कुछ और है। उन्होंने कहा कि उस काम को करते हुए उन्हें लगा कि उनकी किस्मत उन्हें किसी दूसरे रास्ते पर ले जाना चाहती है।
उनकी यह बात सुनने में भले ही साधारण लगे, लेकिन यह उनके जीवन के उस दौर की झलक देती है, जब एक्टिंग की दुनिया में पहचान बनाने से पहले वह अपने लिए सही रास्ता तलाश रहे थे। उस समय शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं रहा होगा कि एक दिन उनकी पहचान देशभर में मशहूर किरदारों से होगी।
पंकज त्रिपाठी ने एक्टिंग की पढ़ाई के लिए नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का रुख किया और 2004 में वहां से ग्रेजुएशन पूरा किया। इसके बाद वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई आ गए। इसी साल फिल्म ‘रन’ में छोटे से किरदार के साथ उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।
इसके बाद वह ‘ओमकारा’, ‘अपहरण’ और ‘अग्निपथ’ जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, शुरुआत में उन्हें छोटे रोल ही मिले। साल 2012 में अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में सुल्तान कुरैशी का किरदार निभाने के बाद उनकी पहचान तेजी से बढ़ी। इसके बाद ‘फुकरे’, ‘मसान’, ‘बरेली की बर्फी’ और ‘न्यूटन’ जैसी फिल्मों में उनके एक्टिंग को सराहा गया। फिल्म ‘न्यूटन’ में आत्मा सिंह के किरदार के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्पेशल मेंशन भी मिला।
पंकज त्रिपाठी ने शो में OTT प्लेटफॉर्म की भूमिका पर भी बात की। नवजोत सिंह सिद्धू ने उनसे पूछा कि क्या OTT ने उनके करियर को आगे बढ़ाने में मदद की? इस पर एक्टर ने माना कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ने साधारण परिवारों से आने वाले कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए मौके दिए।
साल 2018 में वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में कालीन भैया का किरदार निभाकर पंकज त्रिपाठी की लोकप्रियता एक नए स्तर पर पहुंच गई। इसके बाद ‘क्रिमिनल जस्टिस’ में माधव मिश्रा के रूप में भी दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया।
अब एक्टर अपनी अगली फिल्म ‘पारिवारिक मनोरंजन’ को लेकर चर्चा में हैं। वरुण वी शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अदिति राव हैदरी, मुकेश तिवारी, विजयंता कोहली, करण चनाना और बिजेंद्र काला भी नजर आएंगे। फिल्म 13 नवंबर को सोनीलिव पर रिलीज होने वाली है।
यह भी पढ़ें- सिनेमा हॉल की एंट्री इतनी शानदार और एग्जिट इतनी डरावनी क्यों होती है? इसके पीछे छिपी साइकोलॉजी