नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। समय के साथ ग्वालियर देश-दुनिया में पहचान बना रहा है। यहां की लोकेशन फिल्म डायरेक्टर्स को रास आने लगी है। यही कारण है कि अब वे कहीं और न जाकर शहर की ओर रुख कर रहे हैं। आगामी चार माह में देखा जाए तीन फिल्म और एक वेबसीरीज की शूटिंग होना तय है। इनके लिए कुछ की रैकी हो चुकी है, तो कुछ की होना अभी बाकी है।
लाइन प्रोड्यूसर लालू राजावत ने बताया कि अभी कई प्रोजेक्ट पेंडिंग हैं, जिनमें से कुछ का शूट जून अंतिम सप्ताह में तो कुछ का अगस्त में शुरू होगा। इस बार साउथ की फिल्में भी लाइनअप हैं। शूट के लिए एक्टर रजनीकांत और आयुष्मान खुराना ग्वालियर आएंगे।
दो हजार कलाकारों को मिलेगा मौका
आगामी फिल्मों में दो हजार कलाकारों को मौका मिलने की उम्मीद है। इसके लिए आडिशन इसी माह से शुरू हो जाएंगे। इन फिल्मों और वेबसीरीज में पांच साल से के बच्चे से लेकर 70 साल तक के बुजुर्ग के आडिशन लिए जाएंगे। इसके लिए क्रू मेंबर्स शहर आएंगे। ये आडिशन तीन स्टेप में होंगे, जिनमें से कलाकारों को फिल्टर कर चयन किया जाएगा।
साउथ फिल्म का शूट किला और आसपास होगा
साउथ की एक फिल्म का शूट ग्वालियर एवं आसपास के एरिये में होगा। यह एक्शन मूवी है। यह शूट ग्वालियर किला और आसपास के गांव में होगी। इस फिल्म के लिए रैकी हो चुकी है। इस फिल्म की शूटिंग अगस्त-सितंबर के दरम्यान शुरू हो जाएगी। सारे आर्टिस्ट ग्वालियर ही रुकेंगे।
वर्षा के कारण कुछ दिन रुकेगा शूट
फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ और वेबसीरीज ’पायलेट’ के शूट के बाद अब फिल्मों का सिलसिला एक बार फिर शुरू होगा। हालांकि वर्षा में शूट पर थोड़ा ब्रेक लगेगा, लेकिन रैकी चलती रहेंगी। शूट के लिए सबसे ज्यादा ग्वालियर किला, पनिहार, तिघरा का क्षेत्र पसंद किया जा रहा है। गत दिनों एक फिल्म की रैकी ग्वालियर और ओरछा में हुई।
जून अंतिम सप्ताह में होगा शूट
एक वेबसीरीज का शूट भी ग्वालियर में होना है। इसकी रैकी जून लास्ट में होगी और उसके साथ ही शूट भी शुरू हो जाएगा। वेबसीरीज के डायरेक्टर को लोकेशन मेल की गई है, जिस पर उन्होंने सहमति जताई है। यह शूट पांच से सात दिन का होगा।
ग्वालियर और मुरैना में होगी शूटिंग
अगस्त माह से तमिल फिल्म का शूट शुरू हो जाएगा। इसमें मुख्य रोल में अभिनेता रजनीकांत हैं, जिनके ग्वालियर आने की संभावना है। यह शूट ग्वालियर और मुरैना के आसपास के एरिया में होगी। यह शूट लगभग 15 दिन का होगा। इसमें तकरीबन 350 कलाकारों को काम मिलेगा। इसके आडिशन जुलाई में शुरू हो जाएंगे।
रोमांटिक फिल्मों में एक्शन भी होगा
बॉलीवुड की दो फिल्मों का शूट ग्वालियर में होना है। ये दोनों फिल्में रोमांटिक हैं। इनमें से एक फिल्म में अभिनेता आयुष्मान खुराना ग्वालियर आएंगे। इन फिल्मों की अभी स्काउटिंग जुलाई में होगी और रैकी अगस्त में की जाएगी। ये दोनों फिल्मों का शूट 20 दिन चलेगा। इसके आडिशन जुलाई में होंगे।
शहर की ये लोकेशन की जा रही पसंद
ग्वालियर किला, बैजाताल, तिघरा, बानमोर एवं पुरानी छावनी स्थित गांव, मितावली, पड़ावली, बटेश्वर और ककनमठ को पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा दतिया और ओरछा की लोकेशन भी ट्रेंड में है।