
एंटरटेनमेंट डेस्क। Ranbir Kapoor इन दिनों निर्देशक Nitesh Tiwari की फिल्म Ramayana को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आने वाले हैं। इसी बीच अभिनेता ने अयोध्या में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रणबीर कपूर ने अयोध्या में करीब 2,134 स्क्वायर फीट की जमीन खरीदी है। यह जमीन सरयू नदी के किनारे बने 75 एकड़ के प्रोजेक्ट का हिस्सा बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस प्रॉपर्टी की कीमत करीब 3 करोड़ 31 लाख रुपये है।

इस निवेश को लेकर रणबीर कपूर ने कहा कि उन्हें लगता है जैसे अयोध्या ने खुद उन्हें चुना है। अभिनेता के मुताबिक अयोध्या भारत की संस्कृति और इतिहास का बेहद अहम हिस्सा है और यह जमीन उनके परिवार के लिए एक विरासत की तरह होगी।
अयोध्या में निवेश करने वाले रणबीर कपूर पहले बॉलीवुड स्टार नहीं हैं। इससे पहले Amitabh Bachchan भी यहां कई प्रॉपर्टी में निवेश कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी अयोध्या में खरीदी गई संपत्तियों की कुल कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये बताई जाती है।

Ramayana को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के दोनों पार्ट्स का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा Sai Pallavi, Yash, Sunny Deol, Lara Dutta और Arun Govil जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।