
मनोरंजन डेस्क। फिल्मों में आमतौर पर डायरेक्टर सेट पर पहुंचकर कैमरा एंगल, एक्टर्स की पोजिशन और सीन की बारीकियों पर काम करते हैं। लेकिन रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म ‘रामायणम्’ में कहानी कुछ अलग रही। यहां शूटिंग शुरू होने से पहले ही फिल्म के हर शॉट की योजना वर्चुअल दुनिया में तैयार की गई। यानी कैमरा कहां से चलेगा, किस पल कलाकार के करीब आएगा और पीछे कैसी दुनिया दिखाई देगी, इन सवालों पर पहले ही काम हो चुका था।
फिल्म के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने सितंबर 2026 में Variety India को दिए इंटरव्यू में इस प्रक्रिया का खुलासा किया। उनके मुताबिक, फिल्म के हर शॉट को मोशन-कैप्चर टेक्नोलॉजी की मदद से पहले वर्चुअल वातावरण में प्री-विजुअलाइज किया गया था। डायरेक्टर नितेश तिवारी और एनिमेशन टीम इसी डिजिटल दुनिया में दृश्यों पर चर्चा करते और जरूरत के मुताबिक बदलाव करते थे।
‘रामायणम्’ जैसी फिल्म में अयोध्या, लंका, जंगल और युद्ध के बड़े दृश्यों को पर्दे पर दिखाना आसान नहीं है। इन सभी जगहों को असली आकार में बनाने के बजाय फिल्म में बड़े पैमाने पर डिजिटल वातावरण और CGI का इस्तेमाल किया गया है।
पंकज कुमार के मुताबिक, शूटिंग के लिए पूरी दुनिया के बड़े-बड़े सेट बनाने के बजाय कई जगह सेट के कुछ हिस्से तैयार किए गए और पीछे ब्लू स्क्रीन का इस्तेमाल हुआ। बाद में इन हिस्सों के आसपास डिजिटल वातावरण तैयार किया जाना था।
इसी वजह से पहले से योजना बनाना जरूरी था। टीम को पता होना चाहिए था कि कैमरा किस दिशा में जाएगा और फ्रेम में डिजिटल दुनिया का कौन-सा हिस्सा दिखाई देगा। इस तैयारी से कैमरा टीम, प्रोडक्शन डिजाइनर और VFX एक्टर्स को एक ही योजना के मुताबिक काम करने में मदद मिली।
प्री-विजुअलाइजेशन यानी किसी सीन को असल में शूट करने से पहले उसका शुरुआती विजुअल खाका तैयार करना। इसे एक तरह का डिजिटल रिहर्सल समझ सकते हैं। इसमें टीम देख सकती है कि कैमरा किस रास्ते से गुजरेगा, दृश्य का फ्रेम कैसा होगा और एक्शन किस तरह दिखाई देगा।
मोशन कैप्चर इससे जुड़ी एक तकनीक है, जिसमें एक्टर्स या वस्तुओं की गतिविधियों को रिकॉर्ड करके डिजिटल रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। ‘रामायणम्’ के मामले में पंकज कुमार ने बताया कि मोशन-कैप्चर टेक्नोलॉजी की मदद से शॉट्स को वर्चुअल वातावरण में पहले ही तैयार किया गया था।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि फिल्म के सभी असली दृश्य पहले ही शूट हो चुके थे। वर्चुअल प्री-विजुअलाइजेशन शूटिंग की योजना बनाने और उसे समझने का तरीका था, जबकि वास्तविक फिल्मांकन और अंतिम VFX का काम अलग चरण हैं।
पंकज कुमार ने बताया कि वह एनिमेटर्स के साथ बैठकर स्क्रिप्ट के हिसाब से कैमरे की मूवमेंट डिजाइन करते थे। नितेश तिवारी के साथ इन दृश्यों पर चर्चा होती थी और जरूरत के मुताबिक बदलाव किए जाते थे। शूटिंग शुरू होने तक टीम को स्पष्ट हो जाता था कि किस शॉट को कैसे फिल्माना है।
इससे VFX टीम को पता रहता था कि किस कैमरा एंगल के लिए कैसा डिजिटल वातावरण बनाना है। प्रोडक्शन डिजाइनरों को मालूम होता था कि सेट का कौन-सा हिस्सा तैयार करना है और सिनेमैटोग्राफर पहले से रोशनी की योजना बना सकता था। पंकज कुमार ने इसे अपने करियर की सबसे ज्यादा प्री-प्रोडक्शन वाली फिल्मों में से एक बताया।
फिल्म रामायणम् में रणबीर भगवान राम के किरदार निभा रहे हैं। उनके अपोजिट साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, यश रावण के रोल में देखे जाएंगे। फिल्म के सभी गाने ऑस्कर विनर एआर. रहमान और हंस जिमर कंपोज किए हैं। ‘रामायणम्’ के डायरेक्टर नितेश तिवारी है।
मेकर्स ने बताया कि ‘रामायणम्’ दो पार्ट में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर रिलीज किया जा रहा है। पहला पार्ट इस साल 5 नवंबर को रिलीज होगा। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के मुताबिक, दोनों पार्ट्स का बजट मिलाकर 4000 करोड़ रुपए है। इसकी एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- रोमियो-जूलियट से लेकर एनिमल तक, दुनिया की हर कहानी इन 6 फॉर्मूलों पर ही बनी!