
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा में भक्ति और धर्म पर फिल्में बनना कोई नई बात नहीं है। ‘जय संतोषी मां’ से लेकर ‘शिरडी के साईं बाबा’ तक, आस्था और धार्मिक कहानियां लंबे समय से फिल्मों का हिस्सा रही हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से एक बार फिर आध्यात्मिक और धार्मिक किरदारों पर आधारित फिल्मों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। खास बात यह है कि अब इन फिल्मों का असर सिर्फ सिनेमाघरों में सीमित नहीं है, बल्कि बॉक्स ऑफिस के आंकड़े भी इसकी कहानी कह रहे हैं।
साल 2024 में एनिमेटेड पौराणिक और धार्मिक फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ साल की बड़ी सफल फिल्मों में शामिल हुई। भारत में करीब 250 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। यहां तक कि ऑस्कर के लिए भी नॉमिनेट हुई। इसके बाद ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 39.33 करोड़ नेट कमाए। अब फिल्म के दूसरे पार्ट का रास्ता भी साफ हो गया है, जो फिलहाल 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है।
वहीं, विशाल चतुर्वेदी की ‘हनुमान अंश’ भी 150 करोड़ नेट के आंकड़े की तरफ तेजी से बढ़ रही है। फिल्म ने भारत में अब तक 168.85 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि इसका नेट कलेक्शन 142.88 करोड़ पहुंच चुका है। यह सभी प्रोजेक्ट इस बात का संकेत दे रहे हैं कि फिल्म मेकर्स एक बार फिर धार्मिक और भक्ति की कहानियों की तरफ लौट रहे हैं।
ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे कई वजहें हैं- ऑडियंस की बदलती पसंद, फिल्में देखने के तरीके में बदलाव और ऐसी कहानियों की तलाश, जो अलग-अलग उम्र और क्षेत्रों के लोगों से जुड़ सकें। एक एक कर सभी एक्सपर्ट्स की राय जानते हैं।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, धार्मिक फिल्में बनना बिल्कुल नया ट्रेंड नहीं है। 1975 में जब मैं सिर्फ 10 साल का था, तब ‘जय संतोषी मां’ जैसी फिल्म ने बड़ी सफलता हासिल की थी। उससे पहले भी कई धार्मिक फिल्में बनती रही हैं। मेरे पिता ने भी ऐसी कई फिल्मों को बनाया था। सिनेमा एक चक्र की तरह चलता है। किसी समय रोमांस का दौर आता है, फिर एक्शन, फैमिली ड्रामा, हॉरर-कॉमेडी या दूसरी तरह की फिल्में लोकप्रिय हो जाती हैं। इसके बाद ऑडियंस की पसंद बदलती है और कोई दूसरा जॉनर सामने आ जाता है। और फिल्म में क्या बनाया गया है, यह जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है कि कितने लोग उससे जुड़ते हैं। अगर लोग किसी फिल्म से जुड़ जाते हैं, तो फिल्म को अपने लोग मिल ही जाते हैं।
‘हनुमान अंश’ की सफलता पर तरण आदर्श की राय
तरण आदर्श बताते हैं कि रिलीज से पहले ‘हनुमान अंश’ के पक्ष में बहुत ज्यादा चीजें नहीं थीं। फिल्म के डायरेक्टर पहली बार निर्देशन कर रहे थे और अभिनेता भी पहली बार मुख्य भूमिका में नजर आए। इतना ही नहीं, फिल्म का प्री-रिलीज प्रमोशन भी लगभग नहीं के बराबर था। निर्माताओं के पास बड़े स्तर पर मार्केटिंग करने के लिए पर्याप्त बजट नहीं था।
रिलीज के बाद फिल्म का पहला हफ्ता कमजोर रहा और दूसरे हफ्ते तो इसकी कमाई में भारी गिरावट आ गई। ऐसे में निर्माता काफी दबाव में रहे होंगे। लेकिन तीसरे वीकेंड से कहानी अचानक बदल गई। जब दर्शक खुद किसी फिल्म की तारीफ करके उसे दूसरों तक पहुंचाने लगते हैं, तो फिर बड़े प्रमोशन की जरूरत कम हो जाती है।
बड़ी फिल्मों के बीच 'हनुमान अंश' की पकड़
तरण आदर्श के मुताबिक, यह दिखाता है कि आखिर में दर्शक अपनी पसंद खुद तय करते हैं। एक तरफ ‘मिर्जापुर’ चल रहा है और दूसरी तरफ ‘हनुमान अंश’ भी ऑडियंस को सिनेमाघरों तक खींच रही है। दोनों का जॉनर बिल्कुल अलग है, फिर भी दोनों साथ-साथ ऑडियंस को पसंद आ रहे हैं।
इससे भी ज्यादा दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों फिल्मों में पारंपरिक अर्थों में बॉलीवुड के सबसे बड़े स्टार नाम नहीं हैं। आदर्श के मुताबिक, इनमें खान, कपूर, सिंह, रोशन या कुमार जैसे बड़े स्टार नाम नहीं हैं। कुछ कलाकार वेब सीरीज के जरिए जरूर लोकप्रिय हो सकते हैं, लेकिन बड़े पर्दे का खेल अलग होता है। फिर भी दर्शक फिल्म देखने जा रहे हैं क्योंकि उन्हें फिल्म पसंद आ रही है। उनके मुताबिक, सिनेमा के लिए यह एक अच्छा संकेत है।
'हनुमान अंश' पूरी इंडस्ट्री के लिए एक केस स्टडी
तरण आदर्श ‘हनुमान अंश’ को पूरी इंडस्ट्री के लिए एक केस स्टडी मानते हैं। उनके मुताबिक, आखिरकार किसी फिल्म की किस्मत का फैसला दर्शक ही करते हैं। निर्माता फिल्म बना सकता है, लेकिन रिलीज के बाद फिल्म जनता के हाथ में चली जाती है। वही तय करती है कि फिल्म सफल होगी या असफल।
क्या ‘रामायण’ को मिलेगा फायदा?
धार्मिक और पौराणिक फिल्मों में बढ़ती दिलचस्पी पर तरण आदर्श का मानना है कि ‘रामायण’ के पास पहले से ही कई मजबूत फायदे हैं। यह बड़े स्तर पर बनाई जा रही फिल्म है और इसके सामने और पीछे दोनों तरफ इंडस्ट्री के बड़े नाम जुड़े हुए हैं। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि कहानी ‘रामायण’ की है। लोग इसे देखने जरूर जाना चाहेंगे।
हालांकि, वह इसके साथ एक सावधानी भी जोड़ते हैं। उन्होंने फिल्म का कुछ फुटेज देखा है और उनके मुताबिक वह शानदार दिखाई देता है, लेकिन अंतिम फैसला तभी किया जा सकता है जब पूरी फिल्म तैयार होकर सामने आए। अभी किसी ने पूरी फिल्म नहीं देखी है।
जहां तरण आदर्श इसे सिनेमा के बदलते चक्र का हिस्सा मानते हैं, वहीं ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा के मुताबिक- युवा ऑडियंस की बदलती पसंद भी धार्मिक फिल्मों की सफलता की बड़ी वजह है। युवा पीढ़ी में आध्यात्मिकता को लेकर दिलचस्पी बढ़ रही है। इसका एक उदाहरण ‘भजन क्लबिंग’ भी है, जिसमें युवा भजन और आध्यात्मिक संगीत को नए अंदाज में पसंद कर रहे हैं।
कोमल ने आगे कहा- 15-20 साल पहले कई युवा धार्मिक या पौराणिक विषयों को बोरिंग मानते थे। कुछ लोग चमत्कारों जैसी बातों पर विश्वास करने से भी इनकार करते थे। लेकिन अब यही युवा पौराणिक कथाओं, आस्था और आध्यात्मिक विषयों वाली फिल्मों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
नाहटा के मुताबिक- फिल्म बनाना एक बिजनेस है। अगर किसी तरह की फिल्म पैसा कमा रही है, तो ज्यादा मेकर्स उसी तरह की फिल्में बनाएंगे। यही धार्मिक फिल्मों के बढ़ते चलन की एक बड़ी वजह है।
कंटेंट, वर्ड ऑफ माउथ और संगीत की ताकत
कोमल नाहटा ‘हनुमान अंश’ की सफलता का श्रेय मजबूत कंटेंट और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ को देते हैं। उनके मुताबिक, शुरुआत में बहुत कम लोगों ने फिल्म देखी। लेकिन जिन्होंने देखी, उन्होंने दूसरों को बताया कि फिल्म देखने लायक है। इस तरह करीब दो हफ्ते में फिल्म की चर्चा बढ़ी और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी ऊपर जाने लगा।
नाहटा का मानना है कि फिल्म के संगीत ने भी इसकी सफलता में भूमिका निभाई। कई बार किसी फिल्म का संगीत लोगों के बीच लोकप्रिय होने में समय लेता है। ऐसे में अच्छे कंटेंट और ईमानदार कोशिश के साथ संगीत ने भी फिल्म को ऑडियंस तक पहुंचाने में मदद की।
बड़ी फिल्मों की टक्कर पर कोमल नाहटा की राय
कोमल नाहटा मानते हैं कि जब कोई फिल्म ऑडियंस के बीच क्लिक कर जाती है, तो उसके सामने कोई भी मुकाबला बहुत बड़ा नहीं रह जाता। ‘हनुमान अंश’ के लिए वर्ड ऑफ माउथ इतना मजबूत हो गया कि जिन लोगों ने फिल्म नहीं देखी थी, उन्हें भी इसे देखने की इच्छा होने लगी।
बॉलीवुड के लिए सबसे बड़ा सबक
कोमल नाहटा के मुताबिक, फिल्म बनाते समय ईमानदार रहना और अच्छा कंटेंट देना जरूरी है। अगर कंटेंट मजबूत है तो कोई चीज फिल्म को रोक नहीं सकती। ऐसे में सिर्फ बड़े स्टार्स के पीछे भागने के बजाय कहानी और उसके execution पर ध्यान देना चाहिए।
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला मानते हैं कि यंग जनरेशन अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पौराणिक विरासत को नए सिरे से जानना चाहती है। जब आस्था से जुड़ी कहानियों को आधुनिक कहानी कहने के तरीके और शानदार विजुअल्स के साथ पेश किया जाता है, तो वे आज के ऑडियंस के लिए ज्यादा आसान, जुड़ी हुई और दिलचस्प बन जाती हैं।
रमेश बाला के मुताबिक, धार्मिक कहानियों के साथ लोगों का पहले से एक भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव होता है। ऐसे विषय फिल्म मेकर्स को इमोशन, संगीत, भव्यता और शानदार विजुअल्स के साथ कहानी कहने का बड़ा मौका देते हैं। साथ ही, ऐसी फिल्में अलग-अलग राज्यों और अलग-अलग पीढ़ियों के ऑडियंस तक पहुंच सकती हैं।
असली वर्ड ऑफ माउथ की ताकत
रमेश बाला के मुताबिक, 'हनुमान अंश' फिल्म का लगातार अच्छा प्रदर्शन बताता है कि असली वर्ड ऑफ माउथ में कितनी ताकत होती है। अगर दर्शक किसी कहानी से सच में जुड़ जाएं, तो बड़ी फिल्मों की टक्कर के बावजूद वह फिल्म अपनी जगह बना सकती है।