
मनोरंजन डेस्क। शाहरुख खान ने 26/11 आतंकी हमले और पहलगाम आतंकी हमले में जान गवाने वालों और सुरक्षाकर्मियों के प्रति श्रद्धांजली व्यक्त की है। शाहरुख ने कहा कि इन लोगों ने देश के लिए जान देकर देश के लोगों का प्यार और भरोसा जीता है। इस इवेंट में शाहरुख के साथ सचिन तेंदूलकर और CM देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए थे।
शनिवार (21 नवंबर) को शाहरुछ ग्लोबल पीस ऑनर्स इवेंट में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने कहा- 26/11 के आतंकी हमले, पहलगाम के आतंकी हमले और हाल ही में दिल्ली में हुए धमाकों में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। साथ ही, इन हमलों में शहीद हुए हमारे बहादुर सुरक्षाकर्मियों को मेरा सादर नमन। आज मुझसे देश के बहादुर सैनिकों और जवानों के लिए ये चार खूबसूरत पंक्तियां सुनाने के लिए कहा गया है।
शाहरुख ने हमले में जान गवाने वीलों को याद करते हुए कहा- जब कोई आपसे पूछे कि आप क्या करते हैं, तो गर्व से कहें कि मैं देश की रक्षा करता हूं। अगर कोई पूछे कि आप कितना कमाते हैं, तो थोड़ा मुस्कुराएं और कहें कि मैं 1.4 अरब लोगों की दुआएं कमाता हूं। और अगर वे फिर पूछें कि क्या आपको कभी डर नहीं लगता? तो उनकी आंखों में देखकर कहें कि जो हम पर हमला करते हैं, वे डर महसूस करते हैं... आइए, हम सब मिलकर शांति की दिशा में कदम बढ़ाएं। अपने आस-पास की जाति, धर्म और भेदभाव को भुलाकर मानवता के रास्ते पर चलें, ताकि देश की शांति के लिए हमारे वीरों की शहादत बेकार न जाए।"
'ग्लोबल पीस ऑनर्स' के दौरान, शाहरुख खान ने अपने छोटे बेटे के साथ हुई एक बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने कहा- एक दिन, मेरे छोटे बेटे ने मुझसे पूछा कि नफरत को प्यार में कैसे बदला जा सकता है। मैंने उससे कहा कि यह बहुत आसान है। अगर हम सब हिंसा के बजाय बातचीत, और डर के बजाय भरोसे को चुनें, और मिल-जुलकर रहें, तो हमेशा प्यार की ही जीत होगी।
मुंबई 26/11 हमला भारत पर हुआ सबसे बड़ा आतंकी हमला माना जाता है। 26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादी समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे। वे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का हिस्सा थे। उन्होंने शहर की कई जगहों पर हमला किया। इनमें ताज होटल, ओबेरॉय होटल, नरीमन हाउस, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन और कैफे लियोपोल्ड शामिल थे। इस हमले में 170 से ज्यादा लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हुए। यह हमला करीब 3 दिन तक चला। भारतीय सुरक्षाबलों ने नौ आतंकियों को मार गिराया और एक आतंकी अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया। जिसे बाद में फांसी की सजा दी गई।
वहीं, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया था। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक के कब्जे वाले कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए।