
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। कॉमेडियन सुनील पाल ने सलमान खान और बिग बॉस शो पर निशाना साधा है। सुनील ने कहा कि सलमान को शरम आनी चाहिए शो में ऐसी हरकते करते हुए। उन्हें जनता ने बनाया है। उन्हें उस बात का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही कॉमेडियन ने बिग बॉस को एक गटर शो बुलाया है।
दरअसल, यह बयान तक सामने आया जब एक जर्नलिस्ट ने उनसे सलमान के विकेंड के वार के बारे में पूछा। इस विकेंड का वार में सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग पर खुलकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने उन लोगों को आड़े हाथों लिया, जो किसी को नीचा दिखाकर सोशल मीडिया पर पैसे कमाते हैं। साथ ही उन्होंने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के बढ़ते वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जताई थी।
इस इवेंट में मीडिया से बातचीत करते हुए सुनील से जब सलमान के बारे में पूछा गया, तो इस पर सुनील ने कहा- हमने सलमान खान बनाया। सलमान खान ने हमें नहीं बनाया। सलमान खान आज हम सभी की वजह से, भारत के लोगों की वजह से स्टार हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमने उनकी बहुत सारी फिल्में देखी हैं। और सलमान-शाहरुख, सब लोग सबक ले लीजिए, आप लोगों का टाइम पास बहुत ज्यादा चल रहा है। हनुमान अंश से 500 करोड़ कमाए जो 2 करोड़ में बनी है। आपकी 500 करोड़ की फिल्म 50 करोड़ भी कमा नहीं पा रही है। शरम आनी चाहिए आपको।
आगे सुनील ने कहा- आप इतने बड़े स्टार हैं कि आपने कॉर्पोरेट लेबर और इंडस्ट्री पर कब्जा कर लिया है, और छोटे लोग फिल्में नहीं बना पा रहे हैं। भगवान हनुमान और नीम करौली बाबा की कृपा से, 'हनुमान अंश' इतनी कमाई कर पाई।
इसके अलावा सुनील ने सलमान से 'बिग बॉस' बंद करने को भी कहा और इसे गटर शो बताया। उन्होंने कहा कि इस शो में ऐसे सेलिब्रिटीज आते हैं जो देश के लिए "बहुत बड़ा नुकसान" हैं और यह उन्हें स्टार बना देता है।