
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। शहर के बोरसी निवासी वर्तिका श्रीवास्तव द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म ‘कनपटी भर सिंदुर’ का चयन राष्ट्रीय जागरण फिल्म फेस्टिवल, मुंबई के लिए हुआ है। फिल्म की स्क्रीनिंग अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों और दर्शकों की मौजूदगी में होगी। फिल्म का निर्देशन आलोक कुमार ने किया है, जबकि वर्तिका श्रीवास्तव ने एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभाई है।
फिल्म में समाज में व्याप्त जबरन विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति को विषय बनाया गया है। वर्तिका के अनुसार, देश के कई राज्यों में उच्च शिक्षित युवाओं और उच्च पदों पर कार्यरत लोगों का अपहरण कर उनकी इच्छा के विरुद्ध विवाह करा दिया जाता है। ऐसी घटनाओं का प्रभाव वर और वधू दोनों के पूरे जीवन पर पड़ता है। फिल्म के माध्यम से इस सामाजिक समस्या को सामने लाने और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
फिल्म की सिनेमेटोग्राफी के.एस. सुदीप ने की है, जबकि एडिटिंग राकेश ओरांव ने की है। ऑडियोग्राफी एवं साउंड डिजाइन निलेश ने तथा गीतों का संयोजन और बैकग्राउंड म्यूजिक स्वयांशु ने तैयार किया है। फिल्म में दाउद हुसैन, पंकज देवा और सुब्रत सेन गुप्ता सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है।
वर्तिका ने डीएवी पब्लिक स्कूल, हुडको भिलाई से हायर सेकेंडरी की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद पुणे स्थित एमआईटी से मास कम्युनिकेशन में प्रथम श्रेणी में स्नातक की डिग्री हासिल की। अखिल भारतीय स्तर की प्रवेश परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के बाद उनका चयन कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में हुआ। संस्थान के सहयोग से वर्तिका और उनके साथियों ने इस शॉर्ट फिल्म का निर्माण किया। उन्होंने इसी संस्थान से स्नातकोत्तर उपाधि भी प्राप्त की है।
‘कनपटी भर सिंदुर’ इससे पहले अहमदाबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के लिए भी चयनित हो चुकी है। वर्तिका इससे पूर्व छत्तीसगढ़ में जादू-टोना संबंधी अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली शॉर्ट फिल्म का निर्माण भी कर चुकी हैं, जिसकी सराहना हुई थी। वर्तिका विज्ञान महाविद्यालय, दुर्ग में भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनोरा की व्याख्याता डॉ. सरिता श्रीवास्तव की पुत्री हैं।