
मनोरंजन डेस्क। एक्ट्रेस Vidya Balan हाल ही में रजनीकांत के साथ फिल्म जेलर 2 में नजर आईं। यह फिल्म 15 अक्टूबर को ही रिलीज हुई है। अब विद्या ने तमिल एक्टर के साथ काम करने का एक्सपीरियंस शेयर किया है। विद्या ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा था कि जब रजनीकांत सेट पर आएंगे तो ढोल बजेंगे, क्योंकि वो रजनीकांत हैं। लेकिन, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। वह चुप चाप सेट पर आ गए थे। विद्या ने यह भी कहा कि एक्टर बहुत डाउन टू अर्थ है।
दैनिक जागरण से हालिया बातचीत में जब विद्या से पूछा गया- आपने जेलर 2 में कांता का किरदार निभाया है। यह करने में आपको कितनी झिझक हुई थी? इस पर विद्या ने कहा- मुझे इस किरदार को करने में बिल्कुल भी झिझक नहीं हुई। 'जेलर' देखने के बाद मैं डायरेक्टर नेल्सन के मजेदार कहानी सुनाने के तरीके से बहुत प्रभावित थी। इसलिए जब उन्होंने मुझे रजनीकांत सर की इस फिल्म का ऑफर दिया, तो मैं बेहद खुश हुई। शुरुआत में मुझे लगा कि इतनी बड़ी फिल्म में मेरे लिए क्या स्कोप होगा, लेकिन नेल्सन ने मेरे किरदार को इतना दिलचस्प बनाया है कि कम स्क्रीन टाइम होने के बावजूद, मैंने अपने रोल और डायलॉग्स को बहुत एन्जॉय किया।
इसी इंटरव्यू में जब विद्या से पूछा गया- क्या इस फिल्म में आपका किरदार ग्रे शेड की तरफ ज्यादा है या कुछ नया है। इस पर विद्या ने कहा- यह किरदार मेरे लिए बिल्कुल नया है। मैं हमेशा से ऐसे ही अलग-अलग रोल्स करना चाहती थी, जिसमें हर तरह के शेड्स (ग्रे, ब्लैक, वाइट) हों, जैसे 'राजा शिवाजी' में मेरा नेगेटिव रोल था। जब नेल्सन ने मुझे यह कहानी सुनाई, तो मुझे लगा कि मेरी यही तलाश पूरी हो गई है।
आगे कहा- जिस तरह खट्टा खाने की तलब संतरे के एक टुकड़े से ही बुझ जाती है, वैसे ही इस रोल ने मुझे एक एक्टर के रूप में पूरी संतुष्टि दी है। मैं हमेशा से हर तरह के किरदार जीना चाहती थी। जब आपकी मनपसंद चीज आपको मिल जाती है, तो ऐसा लगता है जैसे पूरी कायनात ने मिलकर आपकी वो ख्वाहिश पूरी कर दी हो।
विद्या ने बताया- मुझे सिगरेट पीने की कोई आदत नहीं है, बस 'डर्टी पिक्चर' के दौरान पी थी। मुझे लगा था कि मैं सेट पर आसानी से यह सीन कर लूंगी, लेकिन जब मैंने रजनीकांत सर और डायरेक्टर नेल्सन के सामने सिगरेट पी, तो निकोटीन के असर से मेरे हाथ बुरी तरह कांपने लगे।
आगे कहा- एक एक्टर के तौर पर मुझे इस बात पर बहुत शर्मिंदगी हुई। नेल्सन ने मजाक में कहा कि मेरी हेल्दी लाइफस्टाइल की वजह से ऐसा हुआ है। इस मजेदार घटना के बाद, मैंने अगले दिन से सेट पर आते ही सबसे पहले सिगरेट पीने की प्रैक्टिस शुरू कर दी और अपने असिस्टेंट से बार-बार पूछती रही कि कहीं मेरे हाथ तो नहीं कांप रहे। एक एक्टर के रूप में यह मेरे लिए एक बहुत ही अनोखा और फनी अनुभव था।
रजनीकांत के साथ काम करने के एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए विद्या ने कहा- रजनीकांत सर से बहुत कुछ सीखा जा सकता है। मुझे लगा था कि इतने बड़े स्टार होने के नाते सेट पर उनकी एंट्री बहुत धमाकेदार होगी, लेकिन वो बिना किसी शोर-शराबे के बेहद सादगी से आए। वो बहुत दयालु और शांत इंसान हैं, जो दिखावे से दूर रहते हैं और सबसे मुस्कुराकर मिलते हैं। सेट पर उनकी और मिथुन दा की गहरी दोस्ती भी देखने को मिली, जहां दोनों का एक-दूसरे की मजेदार टांग-खिंचाई करते थे। वह बहुत ही एंटरटेनिंग था।
जेलर 2 को नेल्सन दिलीपकुमार ने डायरेक्ट किया है। वहीं, इसे सन पिक्चर्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। प्रोड्यूसर कलानिधि मारन है।
'जेलर 2', रजनीकांत की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। पहला पार्ट 'जेलर', 10 अगस्त 2023 को रिलीज हुआ था। इसमें मुथुवेल पांडियन की कहानी दिखाई गई थी, जो अपने परिवार पर खतरा मंडराने के कारण हिंसा की दुनिया में वापस लौटने को मजबूर हो जाता है। यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर बहुत सफल रही थी।
वहीं, इस फिल्म में राम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, मोहनलाल, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु और मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकार शामिल हैं। मोहनलाल, शिवराजकुमार और जैकी श्रॉफ भी कैमियो रोल में नजर आएंगे। फिल्म का म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।