
एंटरटेनमेंट डेस्क। ज़ी टीवी का शो ‘लक्ष्मी निवास’ जब से शुरू हुआ है, तब से दर्शकों का लगातार दिल जीत रहा है। अब इस शो ने अपनी कामयाबी का एक और बड़ा पड़ाव पार करते हुए, 300 एपिसोड्स पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके को पूरी टीम ने सेट पर शानदार अंदाज़ में सेलिब्रेट किया।
मानसी जोशी रॉय लक्ष्मी और राजेंद्र चावला श्रीनिवास की भूमिका में नजर आ रहे हैं। शो की कहानी एक ऐसे पति-पत्नी की है, जो सुख सुविधाओं से भरी जिंदगी के बजाय एक दूसरे का साथ चुनते हैं और अपना घर बसाने का सपना लेकर नई शुरुआत करते हैं।
अपनी इस यात्रा में वे दोनों कई मुश्किलों और चुनौतियों का सामना करते हैं। शो के माध्यम से परिवार की जिंदगी से जुड़े सपनों, त्याग और रिश्तों की अहमियत को बहुत ही खूबसूरती से दिखाया गया है।
अब तक के सफर में ‘लक्ष्मी निवास’ की कहानी में परिवार के बदलते रिश्तों, पीढ़ियों के बीच सोच के फर्क और अचानक आने वाले कई मोड़ों को दिखाया गया है। लक्ष्मी और श्रीनिवास आज भी कहानी के केंद्र में हैं, लेकिन उनके आसपास के लोगों की जिंदगी और फैसलों ने कहानी में नए टकराव और दिलचस्प मोड़ जोड़े हैं।
परिवार के भीतर रिश्तों को संभालने से लेकर ऐसे हालात का सामना करने तक, जो अपनों के बीच के रिश्तों की परीक्षा लेते हैं, शो ने दिखाया है कि एक इंसान का फैसला पूरे परिवार की जिंदगी पर किस तरह असर डाल सकता है। देश के अलग अलग परिवारों की जिंदगी से जुड़ी परिस्थितियों को पर्दे पर उतारने वाले इस फैमिली ड्रामा को दर्शकों का खूब प्यार मिला है और यह देशभर में पसंद किया जा रहा है।
शो के 300 एपिसोड्स पूरे होना पूरी कास्ट और क्रू के लिए बेहद खास मौका रहा। इस खुशी को यादगार बनाने के लिए सेट पर केक काटा गया, जिसमें कलाकारों, दोस्तों, मीडिया और क्रू के सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर टीम ने उन दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया, जो शुरुआत से शो के साथ जुड़े हुए हैं और परिवार की इस कहानी के हर खास पड़ाव के गवाह बने हैं।
शो में लक्ष्मी का किरदार निभा रहीं मानसी जोशी रॉय ने कहा, “300 एपिसोड्स पूरे करना हमारे सफर का एक शानदार पड़ाव है। जब हमने शुरुआत की थी, तब हम जानते थे कि हम एक परिवार और उसके रिश्तों की कहानी पर्दे पर ला रहे हैं, लेकिन समय के साथ ये किरदार हम सभी के लिए जाने पहचाने और अपने से हो गए हैं। लक्ष्मी का मुख्य किरदार निभाना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है।
आज मैं सिर्फ लक्ष्मी का किरदार नहीं निभा रही हूँ, बल्कि वे एक कलाकार के रूप में भी मेरे व्यक्तित्व का अहम् हिस्सा बन गई हैं। उनकी हिम्मत, परिवार के प्रति उनका समर्पण और जिंदगी की मुश्किलों का सामना करने का उनका तरीका इस सफर को मेरे लिए बेहद खास बनाता है।
हर नया पड़ाव हमें याद दिलाता है कि एक शो को बनाने में कितनी मेहनत लगती है। मुझे खुशी है कि मैं पूरी टीम के साथ इस खास मौके का जश्न मना रही हूँ। आखिरकार, यह पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। हमारे निर्माता, निर्देशक और सभी कलाकारों ने इस सफर को खास बनाया है। अब ये सभी मेरे दोस्त बन चुके हैं। उम्मीद है कि आगे भी हम इसी तरह कई और एपिसोड्स और कामयाबी के पड़ाव साथ मिलकर पूरे करेंगे।”
एक तरफ 300 एपिसोड्स पूरे होने की खुशी है, तो दूसरी तरफ ‘लक्ष्मी निवास’ की कहानी में मुश्किलें भी दस्तक दे रही हैं। आने वाले एपिसोड्स में कई नए ट्विस्ट और दिलचस्प ड्रामे देखने को मिलेंगे। ऐसे में, शो के अगले पड़ाव को देखना बिल्कुल न भूलें।