
पटरियों पर पानी भरने की वजह से दक्षिण गुजरात और यूपी की तरफ जाने वाली आधार दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित।
नईदुनिया ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात में मानसून सक्रिय हो गया है। दक्षिण गुजरात सौराष्ट्र समेत राज्य के कई हिस्सों में रविवार से बारिश शुरू होने की वजह से किसानों में खुशी का माहौल छा गया है। वहीं भारी बारिश की वजह से हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
Heavy rainfall lashes parts of Gujarat's Navsari. pic.twitter.com/Jtx4M2wpF6
— ANI (@ANI) 25 June 2018
सूरत, तापी उमरगाम, वलसाड़, भरुच, नवसारी, राजकोट, अमरैली सहित कई शहरों में 1 से लेकर 10 इंच बारिश हुई है। यहां जगह-जगह पानी भर गया है। वलसाड़ में बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर ट्रैफिक जाम हो गया। बारिश के कारण यहां पटरियों पर पानी भर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है।
#Gujarat: Rail movement between Bhilad & Sanjan has been affected due to very heavy rainfall in the region. Efforts for restoration underway- Western Railway pic.twitter.com/XKi7d1RbGt
— ANI (@ANI) 25 June 2018
मुंबई से दक्षिण गुजरात और यूपी की तरफ जाने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। रेलवे पीआरओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि पटरियों पर पानी भर जाने के कारण राजधानी एक्सप्रेस को भिलाड स्टेशन पर रोकना पड़ा। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 23 जिले में 87 तहसीलों में बारिश हुई है जबकि 10 जिलों में बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है। वलसाड़ के उमरगाम में सबसे अधिक 10 इंच बारिश हुई है।
प्रशासन ने बारिश को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। सूरत,तापी, कपराड़ा, कामरेज,पारड़ी, धरमपुर, वापी, गणदेवी भरुच, बारडोली, डांग में अच्छी बारिश हुई है जबकि सौराष्ट्र में अमरैली, खेड़ा, राजकोट, भावनगर सहित शहरों में बारिश हुई है। उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात की बात की जाए तो यहां बनासकांठा, साबरकांठा, मेहसाणा, अहमदाबाद, गांधीनगर, वड़ोदरा, आणंद, नडिया, खेड़ा, पाटण सहित कई शहरों में रविवार से बारिश शुरू हो गई है।
आगामी 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी, एनडीआरएफ की 10 टीमें तैनात -
मौसम विभाग ने बताया कि अरब की खाड़ी में दबाव के चलते यहां आने वाले 48 घंटों में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के तमाम बंदरगाहों पर लाल रंग का सिग्नल लगाया गया है। वहीं मछुआरों को समुद्र मे न जाने की सलाह दी गई है। ऊंची लहरे उठने से पर्यटकों को भी समुद्र के किनारों पर नहीं जाने का अनुरोध किया गया है।
प्रदेश में बारिश की चेतावनी को देखते हुए एनडीआरएफ की 10 टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, जिसमें से चार टीमों को वड़ोदरा, तीन को गांधीनगर, एक सूरत, एक हिम्मतनगर और एक अमरैली में तैनात कर दिया गया है। राज्य सरकार ने गांधीनगर में कंट्रोल रुम शुरू कर दिया है। बारिश की चेतवानी को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।
अहमदाबाद में मानसून की पहली बारिश से गर्मी से राहत, मनपा के एक्शन प्लान की खुली पोल -
अहमदाबाद। अहमदाबाद में मानसून की पहली बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं शहर में रविवार को औसतन एक इंच बारिश होने से मनपा के मानसून एक्शन प्लान की पोल खोल दी है।
#Gujarat: Heavy water-logging in parts of Valsad district's Umbergaon due to continuous rainfall in the region. pic.twitter.com/9qRYAiEvKp
— ANI (@ANI) 25 June 2018
शहर में रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश से पूर्व क्षेत्र के विवेकानंदनगर, हाटकेश्वर, ओढव , खोखरा, सीटीएम, जशोदानगर, कृष्णानगर सहित इलाकों में पानी भर गया है। यहां केवल दो इंच बारिश में सड़कों पर पानी भर गया। वहीं लोगों घंरो व सोसायटियों में घुस गया।
महानगर पालिका के मुताबिक, शहर में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में एकाएक 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शहर में सबसे अधिक दक्षिण जोन में 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। पूर्व जोन में 32.83, पश्चिम जोन में 22, नए पश्चिम जोन में 13.17, मध्य जोन में 22, उत्तर जोन में 5 मिलीमीटर बारिश हुई है।