
अहमदाबाद। गुजरात में पटेल आरक्षण आंदोलन से गुजरात सरकार की नींद उड़ा देने वाले शख्स का नाम है हार्दिक पटेल। हार्दिक ने आज अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
हार्दिक ने ही 6 जुलाई को गुजरात के महेसाणा में आयोजित एक छोटी-सी रैली को अब विशाल रूप दे दिया है। वे हार्दिक पटेल ही हैं, जिन्होंने अहमदाबाद में आयोजित रैली में लाखों पटेलों को एक ही जगह एकत्रित कर दिखाया।
अहमदाबाद से करीब 80 किलोमीटर दूर वीरमगाम तहसील के चंद्रनगर गांव में रहने वाले हार्दिक पटेल वाणिज्य विषय से स्नातक हैं। उन्होंने साल 2011 में सेवादल से अलग होकर वीरमगाम में एसपीजी यानी सरदार पटेल सेवादल शुरू किया था। हार्दिक के पिता भाजपा पार्टी से जुड़े हुए हैं।
गुजरात सरकार ने 7 मंत्रियों की समिति बनाई
हार्दिक पटेल के दो महीने के आंदोलन के बाद गुजरात की सीएम आनंदीबेन पटेल ने 7 मंत्रियों की एक समिति बना दी है जो मांगों पर विचार कर रही है, लेकिन हार्दिक पटेल का कहना है कि इस समिति पर उन्हें कोई भरोसा नहीं है।
आंदोलन के पीछे राजनीतिक समर्थन की बात
हार्दिक बताते हैं कि पिछले एक महीने के दौरान उन्होंने राज्य के 12 जिलों का दौरा किया है। साथ ही, पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के संयोजक के तौर पर कई रैलियों को भी संबोधित किया है। हालांकि, इस आंदोलन के लोकप्रिय होने और इसे मिले समर्थन के पीछे मजबूत राजनैतिक समर्थन का हाथ बताया जा रहा है, लेकिन हार्दिक किसी भी तरह के राजनैतिक प्रभाव की बात से साफ इनकार करते हैं। यह बात अलग है कि उनके पिता भाजपा कार्यकर्ता हैं।