
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन ने यहां के पासपोर्ट कार्यालय में आरटीआई आवेदन दायर किया है। जशोदाबेन ने मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते अपना पासपोर्ट हासिल करने के लिए जमा किए गए शादी से जुड़े दस्तावेजों का ब्यौरा मांगा है। उन्होंने मोदी के पासपोर्ट की एक कॉफी भी मांगी है।
मालूम हो, यशोदाबेन ने पिछले साल नवंबर में अपने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। तब उसे इस आधार पर खारिज कर दिया गया था कि उन्होंने ऐसा कोई विवाह प्रमाणपत्र या संयुक्त शपथपत्र पेश नहीं किया है, जिससे साबित होता हो कि उनकी मोदी से शादी हुई है। वे पासपोर्ट हासिल कर विदेश जाना चाहती हैं, जहां उनके रिश्तेदार और मित्र रहते हैं। बहरहाल, अब इसी पृष्ठभूमि में जशोदाबेन ने यह आरटीआई आवेदन दाखिल किया है।
जशोदाबेन के भाई अशोक मोदी के अनुसार, जशोदाबेन ने शादी से संबंधित उन दस्तावेजों के बारे में जानने के लिए आरटीआई आवेदन डाला जो मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के अपने कार्यकाल के दौरान अपने पासपोर्ट के लिए आवेदन करते हुए जमा किए थे।
वहीं क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी जेडए खान ने बताया, जशोदाबेन पासपोर्ट ऑफिस आईं और अपने पासपोर्ट से संबंधित आरटीआई आवेदन दायर किया। हम समय पर उन्हें जवाब देंगे।