Gujarat BJP के नवनियुक्त अध्यक्ष CR Patil की स्वागत रैली रद्द
कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में आने की संभावना पर ऐसा किया जबकि चर्चा ये है कि केंद्रीय आलाकमान के निर्देश पर ऐसा करना पड़ा।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Fri, 24 Jul 2020 11:02:48 PM (IST)
Updated Date: Fri, 24 Jul 2020 11:02:48 PM (IST)

अहमदाबाद। गुजरात भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सी आर पाटिल की सूरत में आयोजित स्वागत रैली रद्द करनी पडी। पाटिल ने कोरोना महामारी के बीच कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में आने की संभावना पर ऐसा किया जबकि चर्चा ये है कि केंद्रीय आलाकमान के निर्देश पर ऐसा करना पड़ा।
भाजपा अध्यक्ष की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि स्वागत रैली में आने के लिए सूरत शहर भाजपा संगठन के पदाधिकारी व सीमित कार्यकर्ता तथा सूरत शहर के विधायकों को ही आमंत्रित किया गया था लेकिन इसमें शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए लगा कि बडी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। कोरोना महामारी में भाजपा ऐसा नहीं करना चाहती। इसलिए स्वागत रैली को रद्द कियाजाता है। पाटिल ने कहा कार्यकर्ताओं से बाद में वीडियो कॉन्फरेंसके जरिए चर्चा करेंगे।
भाजपा के अध्यक्ष पाटिल को लेकर सोशल मीडिया में बीते दो दिनों से खूब टीका टिप्पणी हो रही है। श्री सौराष्ट्र कडवा पाटीदार सेवा समाज सूरत ने उनके समाज के नाम पर वराछा आदि इलाकों में स्वागत बैनर लगाने पर ऐतराज भी जताया। समाज के अध्यक्ष ब्रजलाल पटेल ने कहा राजनीतिक दलों के साथ समाज के लोग हो सकते हैं लेकिन एक समाज किसी एक दल के समर्थन में नहीं हो सकता है। पाटिल का अध्यक्ष बनने पर स्वागत है लेकिन उनके समाज के नाम पर बैनर लगाना उचित नहीं है। उधर सूरत महानगर पालिका में कांग्रेस पार्षद ने भी सरथाणा पुलिस थाने को एक अर्जी देकर आगामी 2 अगस्त को कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल की स्वागत रैली को मंजूरी देने की मांग की है। कुंभाणी ने लिखा है कि भाजपा अध्यक्ष की रैली हो सकती है तो कांग्रेस नेता की स्वागत व अभिवादन रैली हो सकती है।