
सूरत।यूं तो सोशल मीडिया के ज्यादातर मामलो में सकारात्मक नतीजे ही सामने आते है मगर कभी कभी इसके नकारात्मक प्रभाव भी सामने आते है। एक ऐसा ही मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है जहां एक पति ने अपनी पत्नी का फेसबुक अकाउंट नहीं खोला तो पत्नी ने अपने ही घर में खुदकुशी कर ली। इस अजीबो - गरीब मामले के सामने आने से पुलिस भी हैरान और परेशान है ।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सूरत के रांदेर इलाके में मोराभागल अम्बे रेस्टोरेंट के पीछे रहने वाले 21 वर्षीय शंकर पटेल नाम के लड़के ने अभी तीन महीना पहले ही अदिति नाम की लड़की के साथ प्रेम विवाह किया था ।
शंकर पटेल सूरत के हजीरा इलाके में दिव्या नाम से ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है । गुरुवार देर रात पत्नी अदिति ने अपने बंद हो चुके फेसबुक अकाउंट को पुनः शुरू करने की बात पति शंकर पटेल से की थी । इस बात को लेकर दोनों के बीच खटपट भी हुई थी । देर रात जब पति शंकर सो गया तो उसी दौरान पत्नी अदिति ने घर के दूसरे कमरे में जाकर दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली जिसमे उसकी मौत हो गई ।
शुक्रवार की सुबह अदिति के शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए नई सिविल अस्पताल लाया गया था । यहां मौजूद शंकर और अदिति के परिजनों ने बताया कि प्रेम विवाह करने के बाद दोनों ही ख़ुशी से ज़िंदगी बिता रहे थे मगर एक छोटी से बात पर अदिति ने ऐसा कदम क्यों उठाया ये सभी को आश्चर्य कर देने वाली बात है । हालांकि सच्चाई को तलाशने के लिए अब पुलिस बारीकी से तफ्सीस शुरू करेगी ।