
लाइफस्टाइल डेस्क। मोबाइल, लैपटाप और टीवी आज हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गए हैं। पढ़ाई हो या नौकरी, मनोरंजन हो या सोशल मीडिया, हर काम स्क्रीन पर ही हो रहा है। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर गहरा असर पड़ रहा है और युवा ही नहीं, बच्चे और बुजुर्ग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।
मोबाइल और लैपटाॅप से निकलने वाली ब्लू लाइट आंखों की रेटिना को नुकसान पहुंचाती है। लगातार स्क्रीन देखने से आंखों में जलन, पानी आना, धुंधला दिखना, सिरदर्द, आंखों का लाल होना और नींद न आने की समस्या बढ़ रही है। कई लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही आगे चलकर नजर कमजोर होने और ड्राई आई सिंड्रोम जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है।
आंखों को भी शरीर के बाकी हिस्सों की तरह आराम की जरूरत है। 20-20-20 नियम अपनाने की जरूरत है। हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें। इससे आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। काम के दौरान बार-बार पलकें झपकाएं, ताकि आंखें नम बनी रहें।
.jpg)
यह भी पढ़ें- Monsoon Eye Care Tips: आंखें लाल हो रही हों या खुजली चल रही हो, रगड़ने से बचें
अंधेरे में मोबाइल चलाना सबसे ज्यादा खतरनाक है। स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें, फोन को आंखों से कम से कम एक फीट दूर रखें और सोने से एक घंटा पहले मोबाइल से दूरी बना लें। नेत्र रोग विशेषज्ञ, ऋचा शर्मा के अनुसार बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर मैदानी खेलों की ओर प्रेरित करें।
हरी सब्जियां, गाजर और पर्याप्त पानी आंखों के लिए फायदेमंद है। साल में कम से कम एक बार आंखों की जांच जरूर कराएं। आंखें अनमोल हैं। थोड़ी सी सावधानी और आराम से हम अपनी रोशनी को लंबे समय तक बचा सकते हैं।