
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सर्दियों की दस्तक के साथ ही बाजार में गुड़, तिल, गोंद और मेवों से बनी मिठाइयों की रौनक बढ़ने लगी है। ठंड के मौसम में इन पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद तो लोगों को बरसों से लुभाता आया है, लेकिन इस बार मिठाई की दुकानों पर कुछ नया भी देखने को मिल रहा है। कहीं गजक को टिक्कड़ का बड़ा और मोटा आकार दिया गया है तो कहीं तिल-गुड़ के पारंपरिक स्वाद को चाॅकलेट की परत में लपेटकर पेश किया जा रहा है।
एक ओर जहां मलाई चिक्की, बिशप बर्फी और ड्राई फ्रूट रोल जैसे नए प्रयोग मिठाइयों की इस पुरानी दुनिया में नया रंग भर रहे हैं। दूसरी ओर, पारंपरिक लड्डुओं और हलवों में भी आटा, उड़द की दाल और मिलेट्स का इस्तेमाल कर स्वाद के नए विकल्प तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इन मिठाइयों में स्वाद के साथ सर्दियों के अनुकूल माने जाने वाले खाद्य पदार्थों को भी जगह मिल रही है।
मिठाई कारोबारी प्रकाश राठौर बताते हैं कि तिल को सर्दियों का बादाम कहना गलत नहीं होगा। तिल की इसी खासियत को ध्यान में रखकर बाजार में कई प्रकार की गजक तैयार की गई हैं।
इसमें गुड़-तिल गजक, शक्कर-तिल गजक, तिल बर्फी और तिल-खसखस बर्फी शामिल हैं। इसके अलावा गुड़ और ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने वाली गजक में देसी घी का इस्तेमाल किया जाता है।
तिल और खसखस का मेल भी मिठाई को अलग स्वाद और बनावट देता है। इस तरह एक ही पारंपरिक सामग्री से पांच से आठ तरह की मिठाइयां तैयार की जाती हैं।
मिठाइयों में मोटे अनाज को भी जगह दी जा रही है। प्रकाश राठौर के अनुसार, एनर्जी लड्डू, ड्राई फ्रूट आटा लड्डू, उड़द दाल लड्डू और मिलेट लड्डू जैसे विकल्प तैयार किए गए हैं। इन सभी में मूल सामग्री के साथ गोंद, खोपरा, खसखस, जायफल और जावित्री का इस्तेमाल किया जाता है।
लड्डुओं के अलावा खसखस का हलवा और ड्राई फ्रूट हलवा भी सर्दियों के पसंदीदा विकल्पों में शामिल हैं। इसमें काजू, जायफल और देसी घी का इस्तेमाल स्वाद को और बेहतर बनाता है।
सर्दियों में कुछ प्रयोग ऐसी मिठाइयों के साथ भी हो रहे हैं, जो सालभर बाजार में उपलब्ध रहती हैं। सर्दियों को ध्यान में रखते हुए गुलाब जामुन में दालचीनी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसकी खासियत यह है कि दालचीनी की थोड़ी सी मात्रा भी मिठाई में अलग खुशबू और स्वाद पैदा कर देती है। इसे गुलाब जामुन के अंदर भरा जाता है, जिससे खाते समय इसका स्वाद अलग महसूस होता है। इसके साथ ही केसर का उपयोग भी सर्दियों की मिठाइयों में बढ़ जाता है।
गजक और मिठाइयों में हो रहे नए प्रयोगों की एक और दिलचस्प तस्वीर मिठाई कारोबारी शनिराज सैनी बताते हैं। उनके अनुसार, इस बार पारंपरिक गजक के साथ मलाई चिक्की और गजक टिक्कड़ जैसे नए विकल्प तैयार किए गए हैं। इसमें मूंगफली का पेस्ट तैयार किया जाता है।
इसके बाद घी में बनाई गई चाशनी के साथ इसे मिलाकर चिक्की तैयार की जाती है। पारंपरिक तिल-गुड़ की चिक्की से अलग इसका स्वाद मलाई जैसा अहसास देता है।
गजक टिक्कड़ आकार और मोटाई के मामले में सामान्य गजक से अलग है। इसे गोल आकार के सांचों में तैयार किया जाता है। गुड़ और तिल को सांचे में डालकर कूटा जाता है। इसमें इलायची और लौंग भी मिलाई जाती है। इसके बाद मिश्रण को जमाकर मोटे और बड़े गोल टिक्कड़ का रूप दिया जाता है।
शनिराज सैनी के अनुसार, एक और नया प्रयोग बिस्काफ बर्फी के रूप में देखने को मिल रहा है। इसमें गुड़ और तिल को बारीक पीसकर घी के साथ मिलाया जाता है।
इसमें बिस्काफ बिस्किट मिलाकर मिश्रण को जमाया जाता है। तैयार बर्फी को चाकलेट में डिप करके नया रूप दिया जाता है। इस तरह तिल और गुड़ का पारंपरिक स्वाद चाकलेट के साथ मिलकर बिल्कुल अलग मिठाई बन जाता है। इसके अलावा ड्राई फ्रूट रोल और मैंगो डिलाइट जैसे विकल्प भी मिठाइयों की रेंज में शामिल हैं।