
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिवाली पर मिठाइयों, नमकीन और तरह-तरह के पकवानों का स्वाद लेने के बाद अब लोग अपनी सेहत और बढ़ते वजन को लेकर सजग हो रहे हैं। लगातार भारी और तला-भुना भोजन करने से कई लोगों को पेट भारी रहने, एसिडिटी और सुस्ती जैसी परेशानियां महसूस हो रही हैं। ऐसे में लोग खानपान में बदलाव कर शरीर को फिर से सक्रिय बनाने की कोशिश कर रहे हैं। शहर की डाइटीशियंस के अनुसार, त्योहार के बाद शरीर को किसी खास डिटाक्स डाइट की नहीं, बल्कि संतुलित खानपान, पर्याप्त पानी और नियमित शारीरिक गतिविधियों की जरूरत होती है।
डाइटीशियंस के अनुसार, त्योहार के बाद खानपान में मौसमी फल और सब्जियों की मात्रा बढ़ाना जरूरी है। फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करता है। इसके लिए खीरा, गाजर, सलाद, अंकुरित अनाज और हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। फाइबरयुक्त भोजन से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और अनावश्यक खाने की आदत पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलती है। भोजन में विविधता रखें और पर्याप्त मात्रा में फल-सब्जियां शामिल करें।
डाइटीशियन डा. दीपिका चौधरी बताती हैं कि दिवाली पर स्नैक्स और मिठाइयों के अधिक सेवन से वजन बढ़ने के साथ एसिडिटी और पेट संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। सौंफ और अजवाइन का पानी भी दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है। सुबह उठकर एक गिलास सादा या गुनगुना पानी पी सकते हैं। चाहें तो इसमें नींबू भी मिला सकते हैं। नारियल पानी भी शरीर में पानी की कमी पूरी करने का अच्छा विकल्प है। इसके अलावा घर पर बने ताजे पेय पदार्थों का सेवन कर सकते हैं। वजन नियंत्रित करने के लिए डांसिंग, साइकिलिंग, योग और नियमित वॉक जैसी गतिविधियां भी फायदेमंद हैं।
त्योहार के बाद खानपान में सुधार करने से पाचन बेहतर रखने और शरीर को फिर से सक्रिय बनाने में मदद मिलती है। पौष्टिक भोजन से शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल और अन्य पोषक तत्व मिलते हैं। पर्याप्त नींद, पानी और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने से ऊर्जा और फुर्ती बनी रहती है।