
लाइफस्टाइल डेस्क। दीपावली पर मिठाइयों और पकवानों का स्वाद लेने के बाद अब शरीर को संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या की जरूरत है। त्योहारों में मावे, शुगर और ड्राइफ्रूट्स से बनी मिठाइयों के अधिक सेवन, अनियमित भोजन और शारीरिक गतिविधियां कम होने का असर अब सेहत पर दिखाई देने लगा है।
बच्चों से लेकर बड़ों तक, खासकर महिलाओं और डायबिटीज के मरीजों में पाचन संबंधी परेशानियां, कब्ज, पेट फूलना, त्वचा में रूखापन और खुजली जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर बढ़ने का जोखिम भी बना हुआ है।
मेडिसिन विशेषज्ञ डाॅ. मुकेश सिंह तोमर के अनुसार त्योहारों के दौरान फाइबर और पानी का सेवन कम होने तथा अधिक मीठा और तला-भुना खाने से पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है।
ऐसे में त्योहार के बाद अचानक भूखे रहने या कार्बोहाइड्रेट पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है। संतुलित भोजन, पर्याप्त पानी और नियमित व्यायाम के जरिए शरीर को सामान्य दिनचर्या में वापस लाना बेहतर है।
नाश्ता: दलिया, ओट्स या अन्य फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ लें।
दोपहर का भोजन: रोटी के साथ हरी सब्जियां और सलाद शामिल करें।
रात का भोजन: कम चावल-दाल और अधिक सब्जियों वाली खिचड़ी खाएं।
हाइड्रेशन: दिनभर पर्याप्त पानी पिएं। सादा या गुनगुना पानी बेहतर विकल्प है।
शारीरिक गतिविधि: रोजाना वाक करें और अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम बढ़ाएं।
परहेज: कुछ दिनों तक मिठाई, मैदा, तली-भुनी चीजें और अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें।
डायबिटीज के मरीज: नियमित ब्लड शुगर जांचें। दवाएं जारी रखें और डाक्टर की सलाह के अनुसार डाइट व एक्सरसाइज अपनाएं।