
पूजा गीते, इंदौर। शादी का आयोजन अब केवल रस्मों और मेहमानों के स्वागत तक सीमित नहीं रह गया है। बदलती पसंद के साथ वेडिंग प्लानिंग का अंदाज भी बदल रहा है। अब परिवार और कपल्स चाहते हैं कि शादी का हर फंक्शन अलग हो और उसमें उनकी पसंद, व्यक्तित्व और रिश्तों की झलक दिखाई दे।
इसी के साथ इंदौर के आसपास डेस्टिनेशन वेडिंग का दायरा भी बढ़ रहा है। मांडू की ऐतिहासिक विरासत, महेश्वर के नर्मदा घाट, ओंकारेश्वर का आध्यात्मिक वातावरण और उज्जैन की बेहतर कनेक्टिविटी शादी के लिए अलग-अलग विकल्प दे रहे हैं। वहीं, जेन-जी कपल्स की शादियों में एस्थेटिक डेकोर, पर्सनलाइज्ड अनुभव, वेडिंग कंटेंट क्रिएटर और एआई से डिजाइन तैयार कराने जैसे प्रयोग देखने को मिल रहे हैं।
वेडिंग प्लानर अम्बरीश शर्मा के अनुसार, इस वेडिंग सीजन में सबसे बड़ा बदलाव मेहमानों के अनुभव को लेकर आया है। अब परिवार केवल मेहमानों की संख्या और आयोजन की भव्यता पर ध्यान नहीं दे रहे, हर फंक्शन को अलग पहचान देने की कोशिश कर रहे हैं।
हल्दी, संगीत और शादी के लिए अलग-अलग थीम और माहौल तैयार कराया जा रहा है। बुकिंग भी पहले के मुकाबले जल्दी हो रही है। कई परिवार छह से आठ महीने पहले ही वेडिंग प्लानर तय कर लेते हैं, ताकि अंतिम समय की भागदौड़ से बच सकें।
इवेंट डायरेक्ट के गुलशन जोशी के अनुसार, इंदौर के आसपास डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए अलग-अलग तरह की लोकेशन पसंद की जा रही हैं। मांडू अपनी पहाड़ियों, हरियाली और ऐतिहासिक इमारतों के कारण उन परिवारों को आकर्षित करता है, जो शादी के साथ मेहमानों के लिए हेरिटेज टूर भी रखना चाहते हैं। महेश्वर में नर्मदा के घाट और अहिल्याबाई होलकर की विरासत आयोजन को अलग पहचान देते हैं।
वहीं, ओंकारेश्वर धार्मिक वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता के लिए पसंद किया जाता है। उज्जैन में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के साथ सड़क और रेल कनेक्टिविटी भी एक महत्वपूर्ण वजह है। यहां लोकेशन चुनते समय मेहमानों की संख्या, बजट और उनके आने-जाने की सुविधा का भी ध्यान रखा जाता है।
जोशी के अनुसार, डेस्टिनेशन वेडिंग का शुरुआती बजट लगभग 25 से 30 लाख रुपये हो सकता है। इसमें मेहमानों की संख्या, ठहरने की व्यवस्था, वेन्यू और फंक्शन्स के आधार पर बदलाव होता है। बजट में ज्वेलरी, वेन्यू और कैटरिंग प्रमुख खर्च होते हैं। इसके बाद फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, डेकोरेशन, लाइटिंग और मनोरंजन पर खर्च किया जाता है। अब कई रिसार्ट और वेडिंग वेन्यू स्टे, कैटरिंग और अलग-अलग फंक्शन्स की सुविधाएं पैकेज में भी दे रहे हैं।
वेडिंग प्लानर अंकित मकवाना के अनुसार, जेन-जी कपल्स बहुत बड़े सेटअप के बजाय सोच-समझकर तैयार किए गए डिजाइन और पर्सनलाइजेशन को प्राथमिकता दे रहे हैं। ब्लश पिंक, लैवेंडर, सेज ग्रीन, पाउडर ब्लू, पीच और शैंपेन जैसे रंगों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। गार्डन, खुले स्थान, हरियाली और प्राकृतिक बनावट वाली सजावट भी पसंद की जा रही है। कोचेला, रेट्रो, बोहो चिक और मिनिमल थीम के जरिए कपल्स अपनी पसंद को शादी के हर फंक्शन में दिखाना चाहते हैं।
एक नया प्रयोग संगीत और मेहंदी जैसे कार्यक्रमों में भजन जैमिंग का भी है। इसमें पारंपरिक भजनों को संगीत के नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाता है। मकवाना के अनुसार, कुछ कपल्स शोर-शराबे वाली पार्टी के बजाय ऐसा माहौल चाहते हैं, जहां परिवार और दोस्त संगीत के साथ जुड़ सकें।
शादी की यादों को संजोने का तरीका भी बदल रहा है। पारंपरिक फोटोग्राफी और सिनेमैटोग्राफी के साथ अब वेडिंग कंटेंट क्रिएटर की मांग आ रही है। ये शादी की तैयारियों के पीछे के दृश्य, दुल्हन की एंट्री, कपल के खास पल और उसी दिन साझा की जा सकने वाली छोटी वीडियो तैयार करते हैं। मेहमानों के लिए लाइव पोर्ट्रेट पेंटिंग, पर्सनलाइज्ड परफ्यूम बार, कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग स्टेशन, आडियो गेस्टबुक और लाइव इलस्ट्रेशन कार्नर जैसे अनुभव भी जोड़े जा रहे हैं।
मकवाना बताते हैं कि एआई की मदद से वेन्यू का डिजाइन, अलग-अलग हिस्सों की सजावट और बैठने की व्यवस्था पहले ही तैयार करके देखी जा सकती है। फूलों के रंग या सजावट के दूसरे विकल्प भी कुछ ही समय में बदले जा सकते हैं। इससे कपल्स को आयोजन से पहले अपने पसंदीदा डिजाइन की कल्पना करने और उसमें बदलाव करने में आसानी होती है।