
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सर्दी का मौसम वैसे तो हेल्दी सीजन में गिना जाता है, लेकिन डायबिटीज, ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों और जोड़ों के दर्द की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए इस मौसम में सेहत का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। ठंड के दिनों में ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की समस्या देखी जाती है और इस वजह से दिल संबंधी शिकायतें भी हो सकती हैं।
ऐसे में सही दिनचर्या का पालन करने के साथ खान-पान का ध्यान रखा जाना भी आवश्यक है। इससे बहुत हद तक शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी जीवनशैली से जुड़ी हुई समस्याओं को नियंत्रित किया जा सकता है।
नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए यह बातें एमवाय अस्पताल के मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डाॅ. अशोक ठाकुर ने कही।
फेस्टिव सीजन और शादियों की शुरुआत होने से कई बार खान-पान पर नियंत्रण नहीं रह पाता है। इसका असर सीधे ब्लड शुगर बढ़ने और बीपी में उतार-चढ़ाव के तौर पर दिखने लगता है।
ब्लड प्रेशर को काबू में रखने के लिए नमक कम खाएं। इसके अलावा अचार, पापड़, सेव और मिक्चर से पूरी तरह से दूरी बना लें। डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए मीठे से दूरी बनाने के साथ ही नियमित पैदल चलना और हल्का फुल्का व्यायाम आवश्यक है।
मेरी उम्र 65 साल की हो चुकी है और मेरा ब्लड प्रेशर कम-ज्यादा होता रहता है। मेरा प्रोस्टेट का आपरेशन भी हो चुका है, बीपी को कैसे कंट्रोल में रखें। - मधुकर इंगले
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए चिकित्सक द्वारा बताई गई दवाई का सेवन नियमित रूप से करना जरूरी है। इससे ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। यह देखा गया है कि बीपी की दवाइयां लेने के बाद अचानक छोड़ देने से बीपी पहले के मुकाबले ज्यादा बढ़ने लगता है, इसीलिए दवा को नियमित लेने की आदत डालें। खान-पान में परहेज का ध्यान रखें और सीमित मात्रा में ही नमक का सेवन करें।
सर्दी का मौसम शुरू होते ही जोड़ों में दर्द शुरू हो जाता है। एक घुटने में ज्यादा समस्या है और चलने में परेशानी होती है। - तुलसीराम व्यास
आपने जो समस्या बताई है वह घुटने में घिसाव हो जाने की लग रही है। इसके लिए घुटनों से जुड़े व्यायाम करना चाहिए। सीधे जमीन पर न बैठें। पालकी लगाकर बैठने से बचें, वरना घुटनों की समस्या बढ़ सकती है। बहुत आवश्यक न हो तो सीढ़ियां न चढ़ें। इसके साथ ही आप किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ से भी संपर्क कर अपनी स्थिति से अवगत कराएं।
मैं 78 साल का हूं और मुझे डायबिटीज और ब्लड प्रेशर दोनों ही हैं। मुझे अपना खान-पान और रहन-सहन कैसा रखना चाहिए। - भागीरथ शर्मा
डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की बीमारी लाइफस्टाइल से जुड़ी हुई बीमारियां हैं। इन्हें नियंत्रित रखने के लिए दिनचर्या में जरूरी बदलाव आवश्यक हैं। इसके लिए नियमित व्यायाम करें, जिसमें आधा से पौन घंटे तक पैदल चलें। साथ ही हल्का फुल्का व्यायाम भी कर सकते हैं। इसके साथ ही मीठे से पूरी तरह परहेज करें।
गुड़, शक्कर, शहद और अन्य सभी तरह की मीठी चीजों से दूरी बना लें। कुछ फल जैसे आम, केला, चीकू, अंगूर और अनार को नहीं खाएं। आलू, चावल, बैंगन और मक्का बेहद कम सेवन करें। साथ ही बीपी को काबू में रखने के लिए नमक कम खाएं और अचार, पापड़, सेव और मिक्चर से पूरी तरह से दूरी बना लें।
मेरा ब्लड प्रेशर काफी बढ़ जाता है, खासतौर पर गुस्सा, तनाव या नकारात्मक विचार आने पर। मेरी उम्र 64 साल की है। - अनंतनारायण तिवारी
तनाव और गुस्सा ब्लड प्रेशर को बढ़ाने का काम करते हैं। पहले आप यह चेक करें कि आपका बीपी हमेशा बढ़ा रहता है या फिर तनाव, गुस्सा या नकारात्मक विचार आने पर ऐसा होता है। आप सामान्य महसूस करने पर भी ब्लड प्रेशर चेक कराएं। इस स्थिति में भी अगर बीपी बढ़ा हुआ मिलता है तो किसी योग्य चिकित्सक से मिलकर दवाइयां शुरू करें।
सर्दी के दिनों में मेरे दोनों घुटनों में दर्द शुरू हो जाता है। मेरी उम्र 72 साल की हो चुकी है। कैसे खुद को फिट रखा जा सकता है। - प्रदीप जैन
उम्र बढ़ने के साथ बहुत से लोगों में आस्टियोअर्थराइटिस की समस्या होने लगती है। अगर बीमारी का स्तर शुरुआती चरण में है तो कुछ सावधानियां रखकर राहत पाई जा सकती है। जैसे जमीन पर न बैठना, पालकी लगाकर न बैठना आदि का ध्यान रखें। घुटनों को मजबूती देने वाले व्यायाम करना चाहिए। अगर इसके बाद भी आराम न मिले तो किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ को जरूर दिखाएं।